जिला प्रशासन की अनूठी पहल घने जंगलों, नदी-नालों को पार कर अंतिम छोर के ग्रामीणों तक पहुंचीं स्वास्थ्य सेवाएं
-------
सतपुड़ा के दुर्गम पहाड़ों पर #मिशन_ग्रीन_कमांडो का सफल संचालन
--------
जहां राह कठिन हो, वहां टीम वर्क से राह आसान हो जाती है
‐------
200 स्वास्थ्य टीमों ने पहाड़ी फल्याओं में दी दस्तक, ग्रामीणों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण और उपचार
.....................
भौगोलिक सीमाओं से परे, हर नागरिक तक सुलभ स्वास्थ्य का संकल्प
बड़वानी 16 जुलाई 2026/सतपुड़ा की दुगर्म पहाड़ियों और विभिन्न फलियों में बसे ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह के निर्देशन में गुरुवार 16 जुलाई को आकांक्षी #पाटी विकासखण्ड के बोकराटा सेक्टर के 15 ग्रामों में मिशन ग्रीन कमांडो अभियान का सफलतापूर्वक संचालन किया गया। इस अभियान के तहत गठित 200 से अधिक स्वास्थ्य टीमों ने ग्रीन कमांडो के रूप में पैदल ही पहाड़ों को लांघकर उन बिखरे हुए फलियों तक दस्तक दी, जो कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के कारण अमूमन मुख्यधारा की स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित रह जाते हैं।
दूरस्थ क्षेत्रों में स्थित परिवारों तक पहुंची स्वास्थ्य की संजीवनी
पिछले वर्ष 27 सितंबर 2025 को आयोजित पहले चरण में ग्रीन कमांडो ने एक ही दिन में 4,500 से अधिक घरों तक पहुंचकर ग्रामीणों को स्वास्थ्य लाभ पहुंचाया था। इस बार जिला प्रशासन ने ग्रीन कमाण्डों की सुविधा के लिए बेहतर प्लानिंग, मैपिंग और रूट चार्ट तैयार किए । स्वास्थ्य टीमों को निर्धारित प्रपत्रों एवं टीकाकरण से छूटे हुए बच्चों तथा गर्भवती महिलाओं की नामजद सूची दी है, जिससे ग्रीन कमाण्डो का कार्य आसान हो गया।
गुरूवार को ग्रीन कमाण्डो अभियान के तहत सुबह 7 बजे पीएम श्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शहीद भीमा नायक शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के खेल मैदान पर स्वास्थ्य विभाग की टीमें एकत्रित हुईं, जहाँ विभिन्न काउंटरों के माध्यम से उन्हें वैक्सीन कैरियर, मेडिकल किट, आवश्यक दवाएँ और खाद्य सामग्री वितरित की गई। इसके पश्चात कलेक्टर श्रीमती सिंह ने सभी टीमों को हरी झंडी दिखाकर गंतव्य के लिए रवाना किया। सुबह करीब 9 बजे अपने क्षेत्रों में पहुँचकर इन टीमों ने स्थानीय नागरिकों और आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के सहयोग से विभिन्न फलियों में घर-घर जाकर टीकाकरण, स्वास्थ्य परीक्षण का कार्य शुरू किया।
इस अभियान के अन्तर्गत मुख्य रूप से गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जाँच व एएनसी पंजीकरण, शिशु टीकाकरण, सैम और मैम बच्चों का चिन्हांकन, एनसीडी स्क्रीनिंग तथा सिकल सेल स्क्रीनिंग कार्य मुख्यतः किया गया।
टीम वर्क से रहा अभियान सफल
इस अभियान में अग्रिम पंक्ति में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ), एएनएम, आशा और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता ने टीम वर्क से कार्य करते हुए ग्रीन कमांडो के रूप में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। गठित टीम हर चुनौती का सामना करते हुए स्वास्थ्य सेवा को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के मिशन में जुटी हैं।
#JansamparkMP
#Badwani
#pati