जमुई: सावन की पहली सोमवारी पर जमुई के विभिन्न शिवालयों में जलाभिषेक कर श्रद्धालुओं ने की पूजा अर्चना, सुरक्षा के किए गए पुख्ता इंतेजाम
हिन्दुओं के पवित्र महीना सावन की शुरुआत हो चुकी है और सावन की पहली सोमवारी को अहले सुबह से ही सिकंदरा के महादेव सिमरिया स्थित धनेश्वर नाथ मंदिर, पंचमंदिर, पतनेश्वर धाम मंदिर, गिद्धेश्वर शिव मंदिर और बाबा धनेश्वर नाथ शिव मंदिर सहित विभिन्न शिवालयों में पूजा अर्चना के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। सोमवार को दिन के 11:00 बजे के बाद तक भी श्रद्धालुओं की भीड़ शिवालयों पर लगी हुई है जो शाम तक रहेगी। श्रद्धालु बाबा भोलेनाथ पर गंगाजल, दूध, दही, घी, शहद और शक्कर से अभिषेक कर रहे हैं। साथ ही बेलपत्र, धतूरा, भस्म, सफेद फूल और भांग भगवान शिव को अर्पित कर पूजा अर्चना कर रहे हैं। दुग्धाभिषेक और जलाभिषेक कर भक्ति में श्रद्धालु लीन हैं। कई श्रद्धालु उपवास पर भी हैं। श्रद्धालुओं में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है।
वहीं सावन की पहली सोमवारी को लेकर शिव मंदिरों में भी भव्य तैयारी की गई है। मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। रंग-बिरंगी रोशनी के साथ ही फूलों से शिवालयों को आकर्षक किया गया है। इस दौरान विभिन्न शिवालयों पर सुरक्षा व्यवस्था के भी इंतजाम किए गए हैं। पुलिस पदाधिकारी व जवानों की तैनाती की गई है। मंदिर कमिटी द्वारा भी श्रद्धालुओं को पूजा अर्चना के लिए परेशानी न हो इसके लिए सतर्कता बरती जा रही है। पूजा अर्चना के लिए व्यापक व्यवस्था की गई है। इसके अलावा कई जगहों पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा शिविर भी लगाया गया है। एंबुलेंस की भी व्यवस्था की गई है। पूरी तरह सुरक्षा व विधि व्यवस्था चुस्त दुरुस्त किया गया है। श्रद्धालुओं को पूजा अर्चना में किसी प्रकार की परेशानी ना हो इसके लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी मंदिर कमेटियों को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया है। #jamuinews
Jamui, Jamui | Aug 3, 2026