जुए के फड़ पर पुलिस रेड के दौरान युवक की मौत, परिजनों ने लगाए मारपीट के आरोप; बाजार बंद कर थाने पहुंचे व्यापारी
मुरैना/जौरा। जौरा के हॉस्पिटल रोड स्थित मस्जिद वाली गली में जुए के फड़ पर पुलिस कार्रवाई के दौरान एक युवक की मौत के बाद माहौल गरमा गया। पुलिस की कार्रवाई के दौरान कथित तौर पर भगदड़ मच गई, इसी दौरान सूरज उर्फ कल्ला गुप्ता गिर पड़ा। पुलिस उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और स्थानीय व्यापारियों में आक्रोश फैल गया। परिजनों ने पुलिस पर मारपीट करने के आरोप लगाए हैं और युवक की मौत के लिए पुलिस कार्रवाई को जिम्मेदार बताया है। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है।
घटना के विरोध में जौरा के व्यापारियों ने बाजार बंद कर थाने पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और थाने का घेराव किया। व्यापारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
मामले में पुलिस की कार्रवाई के दौरान युवक की मौत कैसे हुई, इसकी स्थिति जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।👇
Morena, Morena | Sep 23, 2026