बहराइच: त्योहारों को लेकर पुलिस अलर्ट, सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने पर कई ठेले-खोमचे वालों के गैस सिलेंडर जब्त
आगामी त्योहारों के मद्देनजर बहराइच में पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। शहर में शांति और सुरक्षा व्यवस्था कायम रखने के साथ-साथ किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस कड़े कदम उठा रही है।
इसी कड़ी में आज शाम नगर कोतवाल दलबल के साथ शहर के व्यस्त इलाकों में सुरक्षा का जायजा लेने निकले, जहां नियमों की अनदेखी करने वालों पर सख्त कार्रवाई देखने को मिली।
त्योहारों के दौरान शहर में किसी भी तरह का हादसा या सुरक्षा में चूक न हो, इसके लिए बहराइच पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। आज शाम नगर कोतवाल के नेतृत्व में पुलिस बल ने शहर के प्रमुख मार्गों और संवेदनशील इलाकों का गहन निरीक्षण किया।
भ्रमण के दौरान जब पुलिस टीम पीपल तिराहा स्थित गुरुद्वारे के पास पहुंची, तो वहां कई ठेले और खोमचे वाले सुरक्षा मानकों को ताक पर रखकर अवैध रूप से गैस सिलेंडरों का इस्तेमाल करते पाए गए।
व्यस्त इलाके और भीड़भाड़ वाले स्थान पर इस तरह सिलेंडरों का असुरक्षित उपयोग किसी बड़े हादसे को न्योता दे सकता था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की और सुरक्षा नियमों का उल्लंघन कर रहे ठेले-खोमचे वालों से कई गैस सिलेंडर जब्त कर लिए।