लखनऊ में मां की हत्या का ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पुलिस को भी हैरान कर दिया है... 17 साल के बेटे पर मां की हत्या का आरोप है। पुलिस को जांच में एक डायरी मिली है, जिसमें हत्या से पहले और बाद के कई स्टेप लिखे होने की बात सामने आई है। हत्या में इस्तेमाल रिंच भी ऑनलाइन मंगाई गई थी। लखनऊ से इस वक्त की बड़ी खबर है...
नाका थाना क्षेत्र में 17 साल के किशोर पर अपनी मां की हत्या करने का आरोप लगा है। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि वारदात से पहले हत्या की तैयारी की गई थी।
बताया जा रहा है कि गुरुवार रात करीब 9 बजे किशोर मां से मिलने के बहाने घर पहुंचा था। उसने मां से चाय बनाने की बात कही। इसके बाद करीब 15 मिनट तक कमरे का दरवाजा बंद रहा।
पुलिस के मुताबिक, इसी दौरान किशोर ने कथित तौर पर रिंच से मां के सिर पर कई वार किए। घटना के बाद उसने खुद अपने पिता और पुलिस को फोन कर वारदात की जानकारी दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने किशोर को हिरासत में लिया। उस वक्त वह अपनी मां के शव के पास बैठा था।
जांच के दौरान पुलिस को एक डायरी भी मिली है। पुलिस का दावा है कि डायरी में हत्या में इस्तेमाल होने वाले सामान और वारदात के बाद सबूत मिटाने से जुड़े कुछ कदम लिखे गए थे। हत्या में इस्तेमाल मास्टर रिंच को ऑनलाइन मंगाए जाने की भी जानकारी सामने आई है।
पुलिस ने डायरी, मोबाइल फोन, रिंच और वारदात के दौरान पहने गए कपड़ों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है।
वहीं, पड़ोसियों से पूछताछ में किशोर के व्यवहार और परिवार के साथ उसके संबंधों को लेकर भी जानकारी सामने आई है। परिवार के करीबी नरेश के मुताबिक, किशोर बचपन से ही अपनी जेंडर पहचान को लेकर परेशान था और समय के साथ उसके व्यवहार में बदलाव आया था। परिवार में विवाद की स्थिति बनने के बाद करीब चार महीने पहले उसके लिए अलग फ्लैट लिया गया था।
किशोर के पिता के मुताबिक, उसका मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को लेकर अलग-अलग अस्पतालों में इलाज भी चल रहा था। हालांकि पुलिस अभी हत्या की वजह को लेकर किसी एक निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है और परिवार में चल रहे विवाद समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
नाका थाना प्रभारी विवेक चौधरी के मुताबिक, घटना से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी किशोर के मोबाइल फोन में होने की संभावना है। पुलिस मोबाइल का पासवर्ड हासिल करने और डिजिटल साक्ष्यों की जांच की कार्रवाई कर रही है।
अब पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल है—आखिर हत्या की असली वजह क्या थी और क्या वारदात पहले से सुनियोजित थी?
डायरी, मोबाइल, CCTV और फॉरेंसिक जांच से जुड़े साक्ष्यों के आधार पर पुलिस पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
#Lucknow #LucknowNews #LucknowCrime #CrimeNews #MurderCase #MotherMurder #CrimeUpdate #UPNews #UttarPradesh #NakaPolice #PoliceInvestigation #CrimeInvestigation #BreakingNews #ViralNews #CitySpecialNews