मोहर्रम को लेकर मिर्जापुर प्रशासन अलर्ट, डीएम और एसपी ने धर्मगुरुओं के साथ की पीस कमेटी बैठक
मिर्जापुर। आगामी मोहर्रम त्योहार को सकुशल, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
मंगलवार को पुलिस लाइन स्थित मां विंध्यवासिनी सभागार कक्ष में जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक की संयुक्त अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जनपदीय पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विभिन्न धर्मगुरुओं और पीस कमेटी पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। अधिकारियों ने त्योहार को आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाने की अपील की।
डीएम और एसपी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि ताजिया जुलूसों के निर्धारित मार्गों का पालन कराया जाए और बिना अनुमति किसी नए मार्ग या नई परंपरा की शुरुआत न हो।
अधिकारियों ने सोशल मीडिया पर भ्रामक, आपत्तिजनक या अफवाह फैलाने वाली सामग्री प्रसारित न करने की अपील की। साथ ही कहा कि शांति व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में नगर मजिस्ट्रेट, एएसपी ऑपरेशन राजकुमार मीणा, एएसपी नगर नितेश सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर अमित कुमार, क्षेत्राधिकारी प्रज्ञान अंजय कुमार सिंह सहित विभिन्न थानों के प्रभारी और धर्मगुरु मौजूद रहे।