धनबाद। शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) के सफाईकर्मी शंकर कुमार का शुक्रवार की सुबह निधन हो गया। वह लंबे समय से गंभीर बीमारी से ग्रसित थे। बेहतर इलाज के लिए उन्हें वेल्लोर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में उनकी मौत हो गई। शुक्रवार की देर शाम उनका शव धनबाद लाया गया। इसके बाद तेलीपाड़ा मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया।
शंकर कुमार अपने परिवार के साथ सदर अस्पताल परिसर में रहते थे। उनके निधन की खबर से परिजनों और सहकर्मियों में शोक की लहर दौड़ गई। सहकर्मियों के अनुसार, शंकर कुमार बेहद मिलनसार और हंसमुख स्वभाव के व्यक्ति थे। वह सभी से सहजता से मिलते-जुलते थे और अपने व्यवहार के कारण लोगों के बीच काफी लोकप्रिय थे। उनके निधन से अस्पताल परिसर में शोक का माहौल है। परिवार के सदस्यों और परिचितों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी।