मध्यप्रदेश में निवेश को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की रणनीति अब सिर्फ निवेश प्रस्तावों और एमओयू तक सीमित नहीं है, बल्कि इन प्रस्तावों को जमीन पर उतारने की दिशा में भी तेजी से काम हो रहा है। इसका ताजा उदाहरण भिंड के मालनपुर में देखने को मिला, जहां गोदरेज कंज्यूमर प्रोडक्ट्स की नई एकीकृत विनिर्माण इकाई का शुभारंभ हुआ है।
करीब 450 करोड़ रुपए के अतिरिक्त निवेश से तैयार हुई इस नई यूनिट से 600 से ज्यादा लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा। खास बात ये है कि मालनपुर में शुरू हुई ये सुविधा अब एशिया की सबसे बड़ी इंटीग्रेटेड सोप मैन्युफैक्चरिंग फैसिलिटी बन गई है, जहां हर मिनट करीब 4 हजार साबुन तैयार किए जा सकेंगे।
गोदरेज का मध्यप्रदेश से रिश्ता भी करीब 35 साल पुराना है। वर्ष 1991 में मालनपुर में पहली यूनिट से शुरू हुआ ये सफर अब विस्तार के साथ एक बड़े मैन्युफैक्चरिंग हब में बदल चुका है। कंपनी के मुताबिक मालनपुर में अब तक करीब 850 करोड़ रुपए का निवेश हो चुका है और नई यूनिट के बाद यहां कर्मचारियों की संख्या करीब 2200 से बढ़कर 2800 तक पहुंचने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस मौके पर चंबल के बदलते स्वरूप को रेखांकित करते हुए कहा कि जिस चंबल की पहचान कभी बीहड़ों और दस्यु समस्या से होती थी, वही चंबल अब उद्योग, निवेश और रोजगार की नई पहचान बना रहा है।
सरकार के मुताबिक जीआईएस-2025 में मिले 30 लाख 77 हजार करोड़ रुपए के निवेश प्रस्तावों में से 30 फीसदी से ज्यादा अब जमीन पर उतर चुके हैं, जबकि करीब 10 लाख करोड़ रुपए की औद्योगिक इकाइयां मूर्त रूप ले रही हैं। मध्यप्रदेश से करीब 76 हजार करोड़ रुपए के उत्पादों का निर्यात भी अब विदेशों तक हो रहा है।
और यही तस्वीर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की उस औद्योगिक नीति को सामने रखती है, जिसमें निवेशकों को मध्यप्रदेश बुलाने के साथ-साथ निवेश को फैक्ट्री, उत्पादन और रोजगार में बदलने पर जोर है। ग्वालियर-चंबल में करीब दो महीने के भीतर तीसरी बड़ी मैन्युफैक्चरिंग यूनिट का शुभारंभ इसी बदलते औद्योगिक मध्यप्रदेश की कहानी कह रहा है।
Huzur, Bhopal | Aug 27, 2026