मारी जतरी भी केतलिया चाय से ज्यादा गर्म हो रही है थोड़ी ठंडी रिजो: विधायक धाकड़
दैनिक वीरधरा राजस्थान।
गंगरार। जवासिया में शनिवार को भाजपा की ओर से विकास कार्यों के शिलान्यास, जनसुनवाई एवं ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सांसद सीपी जोशी और विधायक डॉ. सुरेश धाकड़ की मौजूदगी में क्षेत्र के 21 विकास कार्यों का शिलान्यास किया गया तथा 5100 पौधे लगाए गए। इन विकास कार्यों की कुल लागत करीब 3 करोड़ 18 लाख 54 हजार रुपए बताई गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे। अतिथियों का 51 किलो की पुष्पमाला पहनाकर स्वागत किया गया।
पुलिस अधिकारियों की गैरमौजूदगी पर विधायक नाराज, SDM को नोटिस के निर्देश
जनसुनवाई के दौरान संबंधित डिप्टी एवं गंगरार थानाधिकारी के मौजूद नहीं रहने पर विधायक डॉ. सुरेश धाकड़ ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों की अनुपस्थिति को लेकर एसडीएम को फोन पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि जनसुनवाई में अधिकारी मौजूद रहकर आमजन की समस्याएं सुनें।
पुलिस अधिकारियों की गैरमौजूदगी पर विधायक ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा, वह दोनों डिप्टी और सी आई मीटिंग में गए हैं और हम बाजा बजा रहे हैं, हम मजीरे बजा रहे हैं यहां खेल कूद नाच गान हो रहा है, मैं अट आया और वो मंजीरा बजाने गए या कट गया, याने कस्यान रोवा बताओ पछ मने कवे सुरेश धाकड़ तो हर कस्यान बोल जावे ये बात मुख्यमंत्री भजनलाल के पास पहुंचनी चाहिए। निचले स्तर पर अधिकारी क्या गुल खिला रहे हैं, जबकि बदमाश व अपराधियों के खिलाफ कोई कार्यवाही नहीं की जा रही है। कानून सम्मत कार्यवाही करें।
“युवा नशे की ओर जा रहे हैं, पुलिस सख्ती से कार्रवाई करे”
विधायक ने युवाओं में बढ़ते नशे को लेकर चिंता जताई और पुलिस से नशे के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने की बात कही। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि युवा देश और समाज का भविष्य हैं, इसलिए नशे पर रोक जरूरी है।
“पदाधिकारी नहीं, जमीन पर बैठे कार्यकर्ताओं में से मिलेगा टिकट”
आगामी पंचायतीराज एवं निकाय चुनाव को लेकर विधायक धाकड़ ने पार्टी के भीतर टिकट वितरण को लेकर भी स्पष्ट संदेश दिया। उन्होंने कहा कि केवल मंच पर बैठने या पदाधिकारी होने के आधार पर टिकिट नहीं मिलेगा, बल्कि जमीन पर बैठकर संगठन के लिए काम करने वाल कार्यकर्ताओं में से ही योग्य व्यक्ति को मौका दिया जाएगा
उन्होंने पार्टी से बगावत कर निर्दलीय चुनाव लड़ने वालों को लेकर भी सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि ऐसे लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी का निर्णय सर्वोपरि है और संगठन से अलग होकर चुनाव लड़ने वालों के खिलाफ पार्टी स्तर पर कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा इधर-उधर होने वालों को टिकट नहीं मिलेगा पार्टी से बगावत की तो कोई भी मायका लाल बचाने वाला नहीं मिलेगा यह ध्यान रखें।
विधायक ने कहा, "मारी जतरी भी केतलिया चाय से ज्यादा गर्म हो रही है थोड़ी ठंडी रिजो" मेरे लिए कोई खास नहीं है, पार्टी से हमारी पहचान है।” उन्होंने यह भी कहा कि कुछ लोग काम कम करते हैं और बैनर पर फोटो लगाने का काम ज्यादा करते हैं।
विद्यालय के डोम की गुणवत्ता पर भी जताई नाराजगी
विधायक ने विद्यालय में बन रहे डोम के निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर भी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण होना चाहिए, अन्यथा इसकी जांच करवाई जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को चेताया कि विकास कार्यों में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सांसद सीपी जोशी बोले-“डबल इंजन सरकार ने 10 साल में सबसे ज्यादा विकास कराया”
सांसद चंद्र प्रकाश जोशी ने कहा कि पिछले 50 वर्षों में जितने विकास कार्य नहीं हुए, उससे अधिक काम पिछले दस वर्षों में डबल इंजन सरकार ने करवाए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने विभिन्न योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने का काम किया है।
सांसद ने कहा कि हमीरगढ़ हवाई पट्टी के विकास की दिशा में भी काम चल रहा है और जल्द ही यहां से राष्ट्रीय स्तर की उड़ानों की सुविधा मिलने की उम्मीद है।
“पार्टी का निर्णय सर्वोपरि”
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष भवानी राम जाट, पूर्व प्रधान देवीलाल जाट, पूर्व जिला मंत्री सत्यनारायण मेनारिया एवं भेरूसिंह चौहान ने भी भाजपा को आगामी चुनाव में जिताने का आह्वान किया। भेरूसिंह चौहान ने कहा कि पार्टी का निर्णय सर्वोपरि है और संगठन में फूट या टांग खींचने का काम नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जहां भी गलती होगी तो फूंकार होगी ये जी मानता नहीं है चमकायो राखणो पेड़ी, जटे भी गलती होगी वहां फूंकार होगी।
पूर्व सरपंच अशोक जैन ने अतिथियों एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया, एवं क्षेत्र में विकास कार्यों की उपलब्धि बताते हुए क्षेत्र में भड़ाणी खेड़ा में खुला बरामदा एवं स्कूल में कमरे निर्माण, माताजी का खेड़ा में खुला बरामदा, मंडफिया से नया तालाब तक डेढ़ किलोमीटर सड़क निर्माण एवं माता जी का खेड़ा से सारण तक सड़क निर्माण की अतिथियों से मांग की जिस पर अतिथियों ने जल्द ही निर्माण कार्य का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के दौरान 21 विकास कार्यों के शिलान्यास के साथ 5100 पौधों का पौधरोपण किया गया।
कार्यक्रम में युवाओं बुजर्गो सहित महिलाओं ने भी अपनी भागीदारी निभाई।