अभिभावक-शिक्षक-विद्यार्थी संगोष्ठी आयोजित
-----
सांदीपनी विद्यालय श्योपुर में विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति एवं संस्कार आधारित विकास पर केंद्रित अभिभावक-शिक्षक-विद्यार्थी संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने संयुक्त रूप से सहभागिता कर शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों, अनुशासन और सर्वांगीण व्यक्तित्व निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया।
बैठक के दौरान विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों, अध्ययन की गुणवत्ता तथा उनके व्यवहार एवं संस्कारों पर विस्तार से चर्चा की गई। अभिभावकों ने भी विद्यालय के प्रयासों की सराहना करते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए शिक्षकों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने का संकल्प व्यक्त किया।
इस अवसर पर उन अभिभावकों का विशेष सम्मान किया गया, जिनके बच्चों ने परीक्षा में उत्कृष्ट एवं प्रेरणादायक परिणाम प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। सम्मान समारोह ने अन्य विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्राचार्य श्री अशोक कुमार खंडेलवाल ने कहा कि शिक्षा का वास्तविक उद्देश्य केवल अच्छे अंक प्राप्त करना नहीं, बल्कि बच्चों में संस्कार, अनुशासन, नैतिकता और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन, समय का सदुपयोग और सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर निरंतर अग्रसर रहने का आह्वान किया। अंत में सभी ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए विद्यालय और अभिभावकों के बीच सतत सहयोग बनाए रखने का संकल्प लिया।
-
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#sheopur
Sheopur, Madhya Pradesh | Jul 25, 2026