जमुई: क्लिनिक में तोड़फोड़ मामले में दो सगे भाई गिरफ्तार
शहर के अतिथि पैलेस के पास डॉ. एसएन झा के क्लिनिक में बच्ची की मौत के बाद हुए हंगामे और तोड़फोड़ व मारपीट के मामले में टाउन थाना की पुलिस ने दो सगे भाइयों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों की सदर अस्पताल में मेडिकल जांच के बाद न्यायालय में पेशी कर जेल भेज दिया गया। गिरफ्तारी का वीडियो शुक्रवार की दोपहर 2:00 बजे सामने आई है।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान नारडीह निवासी उत्तम पांडेय के पुत्र राजू पांडेय और साहिल कुमार के रूप में हुई है।
हालांकि, बच्ची की मौत के मामले में पीड़ित पक्ष की ओर से थाने में आवेदन दिया गया था, लेकिन अब तक प्राथमिकी दर्ज नहीं हो सकी है।
बताया जाता है कि 14 अक्टूबर को लखीसराय जिले के घोगी बरियारपुर निवासी कार्तिक पांडेय की 10 माह की पुत्री तृषा कुमारी की तबीयत इलाज के दौरान घर पर बिगड़ गई थी। उसे डॉ. एसएन झा के क्लिनिक पर लाया गया, जहां जांच के बाद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया था
बच्ची की मौत की खबर पूरे परिवार और गांव में आग की तरह फैल गई, जिससे लोग आक्रोशित हो गए। धीरे-धीरे क्लिनिक के पास काफी भीड़ जमा हो गई। इस दौरान लोगों ने जमकर हंगामा किया और सड़क जाम कर दी। क्लिनिक के कर्मियों के साथ मारपीट और क्लिनिक में तोड़फोड़ की बात भी सामने आई थी। साथ ही रंगदारी मांगने का भी आरोप लगा था।
क्लिनिक कर्मी के साथ मारपीट और तोड़फोड़ व रंगदारी मांगने का आरोप लगाते हुए टाउन थाने में आधा दर्जन नामजद और एक दर्जन से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। #jamuiPolice #jamui #CrimeNews #crimealert #viralreels
Jamui, Jamui | Nov 15, 2026