मोबाइल छीनने पहुंचे युवक को छात्राओं ने दबोचा, जमकर की पिटाई; SP ने किया सम्मानित,
ग्वालियर। फूलबाग चौराहे के पास कॉलेज जा रही छात्राओं से मोबाइल छीनने की कोशिश का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि मोबाइल छीनने का प्रयास कर रहे एक युवक को छात्राओं ने मौके पर ही पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। घटना पढ़ाव थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।
मौके पर हुई मारपीट का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जानकारी के मुताबिक, युवक ने छात्राओं से मोबाइल छीनने का प्रयास किया, जिसके बाद छात्राओं ने हिम्मत दिखाते हुए उसे पकड़ लिया और उसकी जमकर खबर ली।
घटना के बाद छात्राओं के साहस की चर्चा क्षेत्र में होने लगी। बताया जा रहा है कि छात्राओं की बहादुरी को देखते हुए ग्वालियर पुलिस अधीक्षक ने उन्हें सम्मानित भी किया।
हालांकि, मामले में अभी तक पुलिस के पास शिकायत पहुंचने की जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद ही घटना की जांच कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।