विकास कार्यों के निर्माण एवं शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता व पारदर्शिता सुनिश्चित करें : सांसद दर्शन सिंह चौधरी
जनप्रतिनिधियों के सुझावों पर हो त्वरित कार्रवाई, योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे : राज्यसभा सांसद श्रीमति माया नारोलिया
सांसद श्री दर्शन सिंह चौधरी की अध्यक्षता एवं राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया की सहअध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक संपन्न
कलेक्टर कार्यालय के रेवा सभा कक्ष में सांसद श्री दर्शन सिंह चौधरी की अध्यक्षता एवं राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया की सह अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक के दौरान अध्यक्ष श्री चौधरी द्वारा पूर्व में आयोजित बैठक के दौरान विधायक गणों एवं जनप्रतिनिधियों के माध्यम से प्राप्त सुझाव एवं समस्याओं पर की गई कार्यवाही के पालन प्रतिवेदन की समीक्षा की गई। बैठक के दौरान विधायक गणों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार पूर्वक चर्चा की गई जिसमें शिक्षा, खनिज, ग्रामीण विकास, कृषि, जल संसाधन, विद्युत, महिला एवं बाल विकास, पशुपालन, खेल, सहकारिता, स्वास्थ्य, पेयजल, उद्योग, खाद्य, श्रम, मंडी, राजस्व, वन तथा नगरीय प्रशासन से संबंधित बिंदुओं पर चर्चा कर जनप्रतिनिधियों से सुझाव प्राप्त किए गए।
जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा)की बैठक के दौरान पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं नर्मदापुरम विधायक डॉ सीता सरन शर्मा, राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया, पिपरिया विधायक श्री ठाकुरदास नागवंशी, सिवनी मालवा विधायक श्री प्रेम शंकर वर्मा, सोहागपुर विधायक श्री विजयपाल सिंह, सहित अन्य जनप्रतिनिधीगण उपस्थित रहे। उक्त बैठक में कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा, पुलिस अधीक्षक श्री साई कृष्ण एस थोटा, डीएफओ श्री गौरव शुक्ला, जिला पंचायत सीईओ श्री हिमांशु जैन, उपसंचालक एसटीआर ऋषभा नेताम, अपर कलेक्टर श्री राजेश शुक्ला तथा अन्य जिला अधिकारियों ने भी सहभागिता की।
जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में समिति अध्यक्ष एवं सांसद श्री दर्शन सिंह चौधरी ने जिले में सड़क निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वन क्षेत्रों में सड़क निर्माण कार्यों में आने वाली समस्याओं का वन विभाग एवं सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के साथ समन्वय स्थापित कर शीघ्र निराकरण किया जाए, ताकि विकास कार्य समय पर पूर्ण हो सकें। सांसद श्री चौधरी ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वन विभाग एवं सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के अधिकारियों के साथ बैठक कर सड़क निर्माण में आ रही सभी बाधाओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए।
बैठक के दौरान राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया ने विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता के संबंध में कहा कि सभी स्कूलों में पेयजल एवं शौचालय की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए। विभागीय अधिकारी नियमित भ्रमण कर इन व्यवस्थाओं का निरीक्षण करें तथा जहां भी कमियां हों, उनका त्वरित निराकरण कराया जाए।
राज्यसभा सांसद श्रीमती नारोलिया ने विशेष रूप से बालिकाओं के लिए सुरक्षित एवं व्यवस्थित शौचालयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी विद्यालय में इस संबंध में कोई समस्या सामने आती है तो संबंधित क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों को तत्काल अवगत कराया जाए तथा समन्वय के साथ आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में सांसद श्री चौधरी ने बनखेड़ी में निर्माणाधीन सेतु का कार्य शीघ्र पूर्ण कर यातायात को सुचारू रूप से प्रारंभ कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि पुल निर्माण में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए, जिससे आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। सांसद श्री चौधरी ने बैठक के दौरान विधायकगण द्वारा नवीन निर्मित सड़कों के समय से पूर्व खराब होने की समस्या पर भी गंभीर चिंता व्यक्त की। उन्होंने संबंधित निर्माण विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि पिछले एक वर्ष के भीतर निर्मित सभी सड़कों की गुणवत्ता की जांच कराई जाए। साथ ही जनप्रतिनिधियों द्वारा चिन्हित सड़कों का भी परीक्षण कराया जाए तथा जांच में यदि निर्माण कार्य में लापरवाही अथवा गुणवत्ता संबंधी दोष पाए जाते हैं तो संबंधित दोषी अधिकारियों एवं एजेंसियों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बैठक में समिति अध्यक्ष एवं सांसद श्री दर्शन सिंह चौधरी ने जिले में शिक्षा विभाग की योजनाओं एवं अधोसंरचना कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सांसद श्री चौधरी ने कहा कि बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विशेष नवाचार प्रारंभ किए जाएं, जिससे वे भविष्य की प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकें। उन्होंने यह भी कहा कि जो विद्यार्थी किसी कारणवश असफल हुए हैं, उन पर भी विशेष ध्यान दिया जाए तथा उन्हें उचित मार्गदर्शन एवं प्रोत्साहन प्रदान किया जाए, ताकि उनका आत्मविश्वास बढ़े और वे आगे बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
बैठक में सांसद श्री चौधरी ने निर्देश दिए कि जिन विद्यालयों में विद्यार्थियों की संख्या कम है, उन्हें निर्धारित मानकों के अनुरूप अन्य विद्यालयों में मर्ज करने की कार्रवाई की जाए।
उन्होंने संदीपनि विद्यालयों के निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि इन विद्यालयों का निर्माण शीघ्र पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि संदीपनि विद्यालय मध्यप्रदेश शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल हैं, इसलिए इनके निर्माण में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। शिक्षा विभाग एवं संबंधित निर्माण एजेंसियां इस कार्य को गंभीरता से लें तथा गुणवत्ता की नियमित जांच के लिए एक दल का गठन भी किया जाए। सांसद श्री चौधरी ने जिले में जर्जर स्कूल भवनों की स्थिति पर भी चिंता व्यक्त करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक सर्वेक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
राज्य सभा सदस्य ,सांसद श्रीमती नारोलिया ने बैठक में कहा कि नगरपालिका को दी गई सांसद निधि से जितने भी विकास कार्य कराए गए हैं, उनका भुगतान बिना किसी देरी के शीघ्र किया जाए।
सांसद श्री दर्शन सिंह चौधरी ने जिले में खनिज विभाग की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए अवैध उत्खनन पर प्रभावी कार्रवाई करने तथा खनिज परिवहन के दौरान सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सांसद श्री चौधरी ने कहा कि जिले में अवैध उत्खनन की गतिविधियों पर सख्ती से निगरानी रखते हुए दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि खनिज संसाधनों के दोहन में किसी भी प्रकार की अनियमितता न हो। बैठक में सांसद श्री चौधरी ने निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर खनिज भंडारण (स्टॉक) की अनुमति दी जाती है, वहां संबंधित स्टॉकिस्ट कंपनियों से सड़कों पर फैलने वाली रेत एवं अन्य खनिज सामग्री की नियमित सफाई अनिवार्य रूप से कराई जाए। उन्होंने कहा कि सड़क पर फैली रेत के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है, इसलिए इस संबंध में लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने खनिज विभाग को निर्देशित किया कि रेत खनिज का परिवहन करने वाले सभी वाहनों को ग्रीन नेट से अनिवार्य रूप से ढंककर ही संचालित किया जाए, ताकि परिवहन के दौरान रेत सड़क पर न गिरे और पर्यावरण एवं यातायात सुरक्षा प्रभावित न हो। सांसद श्री चौधरी ने यह भी निर्देश दिए कि खनिज परिवहन के कारण क्षतिग्रस्त होने वाली सड़कों के रखरखाव एवं मरम्मत का कार्य खनिज विभाग संबंधित विभागों के समन्वय से समयबद्ध रूप से सुनिश्चित करें।
सांसद श्री दर्शन सिंह चौधरी ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्मित सड़कों की समीक्षा के दौरान कहा कि योजना के तहत बनाई गई क्षतिग्रस्त होने के बाद उनकी रेस्टोरेशन की समस्या अत्यंत गंभीर है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को इस दिशा में संवेदनशीलता के साथ ध्यान देते हुए शीघ्र सुधार कार्य करने के निर्देश दिए। किसी के साथ उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण के लिए खराब कार्य करने वाले ठेकेदारों को टर्मिनेट किया गया है उनकी सूची संबंधित जनप्रतिनिधियों को उपलब्ध कराई जाए।
बैठक में राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया ने अधिकारियों से कहा कि वे जनप्रतिनिधियों के साथ नियमित समन्वय बनाए रखें तथा उनके द्वारा बताए गए सड़कों एवं विकास कार्यों का स्थल निरीक्षण करें। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में आने वाली समस्याओं से समय रहते जनप्रतिनिधियों को भी अवगत कराया जाए, ताकि समन्वित प्रयासों से उनका शीघ्र समाधान किया जा सके।
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की समीक्षा के दौरान सांसद सांसद श्री चौधरी ने कहा कि पोर्टल में तकनीकी कारणों से जिन पात्र हितग्राहियों के नाम सूची से हट गए हैं, उनके नाम पुनः जोड़ने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिन पात्र हितग्राहियों को योजना की राशि प्राप्त नहीं हुई है, उनकी शिकायतों का गंभीरता से परीक्षण कर शीघ्र भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में सांसद श्री दर्शन सिंह चौधरी ने फसल बीमा योजना के अंतर्गत अधिक से अधिक किसानों को जोड़ने के लिए जनप्रतिनिधियों से सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए भी प्रोत्साहित किया जाए तथा कृषक संगोष्ठियों के माध्यम से ई-विकास पोर्टल एवं प्राकृतिक खेती से संबंधित आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाए।
बैठक के दौरान सांसद ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि क्षेत्र के सभी अस्पतालों में खाली पड़े डॉक्टरों के पदों पर डॉक्टरों की तैनाती सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि चिकित्सा सेवाओं में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इसके साथ ही, उन्होंने सभी निर्माणाधीन अस्पताल भवनों के सिविल कार्य को युद्धस्तर पर चलाकर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए, ताकि जनता को जल्द से जल्द आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके।
सांसद श्री चौधरी ने जिले में प्रस्तावित वृहद, मध्यम एवं लघु सिंचाई परियोजनाओं के कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि सिंचाई सुविधाओं का विस्तार कृषि उत्पादन बढ़ाने की दृष्टि से अत्यंत आवश्यक है।
बैठक के समापन पर सांसद श्री चौधरी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि विधायकगण एवं अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए सभी विषयों पर विभागीय अधिकारी गंभीरतापूर्वक कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता, समयबद्धता एवं पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए तथा जनता की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित कर जिले के समग्र एवं संतुलित विकास को गति दी जाए।
इस दौरान राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया ने कहा कि शासन की योजनाओं एवं नीतियों का क्रियान्वयन जमीनी स्तर पर किया जाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य शासन द्वारा संचालित हितग्राही मूलक योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति तक पहुंचे इसके लिए प्रशासन एवं जनप्रतिनिधी समन्वित रूप से कार्य करें।
#narmadapuram CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav Jansampark Madhya Pradesh General Administration Department, MP Panchayat, Rural Development and Social Welfare Department of Madhya Pradesh Department of Urban Development & Housing MP Department Of Revenue, Madhya Pradesh