निर्माणाधीन पुल पर बीम गिरने से दो मजदूर घायल, डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण
हरदोई। लखनऊ-शाहजहांपुर-पलिया राष्ट्रीय राजमार्ग-731 पर शेदपुर स्थित शारदा नहर के निर्माणाधीन पुल पर सोमवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। पुल निर्माण कार्य के दौरान बीम को स्थापित करते समय वह अचानक नीचे गिर गई, जिससे वहां कार्य कर रहे दो मजदूर घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, 22 जून 2026 को सुबह लगभग 10:20 बजे हादसे की सूचना मिलने पर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक हरदोई तत्काल मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। दुर्घटना में घायल राहुल पुत्र छोटे लाल तथा राजेश्वर पुत्र गेंदालाल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
प्रशासन की ओर से मौके पर गिरी हुई बीम को हटाने का कार्य शुरू करा दिया गया है। साथ ही घटना के कारणों की जांच के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।
जिलाधिकारी ने बताया कि घटना में दो लोगों के घायल होने की सूचना है, जिनका उपचार कराया जा रहा है। घटना की जांच कराई जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन के अनुसार घटनास्थल पर कानून-व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह सामान्य है तथा किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति नहीं है।
Bilgram, Hardoi | Jun 22, 2026