#बालाघाट
एसडीएम ने किया अनुसूचित जाति बालक छात्रावास का औचक निरीक्षण
46 में से 14 विद्यार्थी ही मिले उपस्थित, भोजन की गुणवत्ता बेहतर करने के दिए निर्देश
रविवार दोपहर अनुविभागीय दंडाधिकारी (एसडीएम) श्री विजय सिंह यादव ने अनुसूचित जाति बालक सीनियर छात्रावास का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान छात्रावास में दर्ज 46 विद्यार्थियों में से 14 विद्यार्थी ही उपस्थित मिले। पूछताछ में सामने आया कि सप्ताह में लगातार अवकाश होने के कारण अधिकांश विद्यार्थी अपने-अपने घर चले गए थे।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम श्री यादव ने छात्रावास के शयन कक्षों, शौचालय एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने पाया कि छात्रावास में साफ-सफाई व्यवस्था संतोषजनक थी तथा विद्यार्थियों के बिस्तरों पर मच्छरदानियां लगी हुई थीं।
बच्चों ने भोजन के स्वाद को लेकर रखी बात
एसडीएम ने उपस्थित विद्यार्थियों के साथ करीब ढाई घंटे तक चर्चा कर छात्रावास की व्यवस्थाओं एवं उनकी समस्याओं की जानकारी ली। इस दौरान विद्यार्थियों ने बताया कि छात्रावास में मिलने वाले भोजन का स्वाद ठीक नहीं रहता और भोजन की गुणवत्ता को और बेहतर किए जाने की आवश्यकता है।
विद्यार्थियों की बात को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ने उसी दिन तैयार किए गए भोजन को स्वयं चखकर उसकी गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने छात्रावास स्टाफ को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों को मेन्यू के अनुसार पौष्टिक, स्वादिष्ट एवं स्वच्छ भोजन उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने भोजन तैयार करने में हाइजीन का विशेष ध्यान रखने तथा विद्यार्थियों द्वारा प्रतिदिन उपयोग किए जाने वाले बर्तनों की भी पूरी तरह साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
खेल सामग्री उपलब्ध कराने का दिया आश्वासन
चर्चा के दौरान विद्यार्थियों ने बताया कि छात्रावास में उन्हें खेल गतिविधियों के लिए पर्याप्त सामग्री उपलब्ध नहीं कराई जाती है। छात्रावास वार्डन ने बताया कि बजट की अनुपलब्धता के कारण आवश्यक खेल सामग्री उपलब्ध नहीं कराई जा सकी है।
इस पर एसडीएम श्री यादव ने विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाते हुए स्वयं के स्तर से क्रिकेट एवं बैडमिंटन की खेल सामग्री उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ खेलकूद भी विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए जरूरी है।
एसडीएम ने विद्यार्थियों को दिए अध्ययन एवं करियर के टिप्स
एसडीएम श्री विजय सिंह यादव ने कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों से विस्तृत संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासन, नियमित अध्ययन, समय प्रबंधन तथा भविष्य में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर महत्वपूर्ण टिप्स दिए।
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि किताबें हमारी सबसे बड़ी मित्र हैं। नियमित अध्ययन और पुस्तकों से प्राप्त ज्ञान न केवल व्यक्ति के भविष्य को बेहतर बनाता है, बल्कि राष्ट्र के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने माता-पिता के सपनों को पूरा करने के लिए छात्रावास में अनुशासन के साथ रहते हुए मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने लक्ष्य के प्रति निरंतर प्रयासरत रहने का आह्वान किया।
निरीक्षण के दौरान ब्लॉक शिक्षा अधिकारी श्री सी.एस. कुशराम भी उपस्थित रहे। उन्होंने भी विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें अध्ययन एवं भविष्य में बेहतर करियर निर्माण के संबंध में उपयोगी मार्गदर्शन दिया।
#CMMadhyaPradesh
#JansamparkMP
#gaddeptmp #WelfareTribal