संवेदनशील इलाकों का एसएसपी ने किया निरीक्षण, बोले— जिले में विधि-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य।
गया। जिले में निकाले जा रहे विरोध-प्रदर्शन एवं जुलूस को लेकर शनिवार को वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार ने विभिन्न संवेदनशील स्थलों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारियों एवं पुलिस बलों का निरीक्षण करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने जुलूस की स्थिति का अवलोकन किया। पुलिस के अनुसार, जुलूस शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो रहा है तथा जिले में विधि-व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह सामान्य और नियंत्रण में है।
भ्रमण के क्रम में वरीय पुलिस अधीक्षक ने सभी प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को सतर्कता बनाए रखने, विधि-व्यवस्था का प्रभावी ढंग से संधारण करने, आमजन के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार करने, अफवाहों पर कड़ी निगरानी रखने तथा किसी भी अप्रिय स्थिति से त्वरित एवं प्रभावी ढंग से निपटने का निर्देश दिया।
Fatehpur, Gaya | Jul 25, 2026