समाहरणालय, बक्सर
(जिला जन संपर्क कार्यालय)
प्रेस विज्ञप्ति:- दिनांक 17 नवम्बर 2026
बक्सर में निःशुल्क संध्याकालीन कक्षाओं ‘संकल्प संध्या’ का भव्य शुभारंभ, कमजोर एवं आर्थिक रूप से पिछड़े वर्ग के विद्यार्थियों को मिलेगा गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक सहयोग
शिक्षा विभाग, बिहार सरकार के निर्देशानुसार शैक्षणिक सत्र 2026-27 में विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर में गुणात्मक सुधार लाने के उद्देश्य से महत्वाकांक्षी पहल ‘संकल्प संध्या’ (रिमेडियल एवं इवनिंग क्लासेज) का आज दिनांक 17 नवम्बर 2026 को एमपी हाई स्कूल, बक्सर में विधिवत शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ श्री नितिन कुमार सिंह, निदेशक, माध्यमिक शिक्षा, शिक्षा विभाग, बिहार की गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी, बक्सर, सभी जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, विद्यालय के प्रधानाध्यापक एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे। उपस्थित पदाधिकारियों ने छात्र-छात्राओं से संवाद कर उन्हें इस पहल का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
‘संकल्प संध्या’ योजना के प्रमुख उद्देश्य एवं विशेषताएं
1. संचालन अवधि एवं समय:
यह कार्यक्रम शैक्षणिक सत्र 2026-27 के अंतर्गत 17 नवम्बर 2026 से 31 मार्च 2027 तक प्रतिदिन अपराह्न 05:00 बजे से 07:30 बजे तक एमपी हाई स्कूल, बक्सर में संचालित होगा।
2. लक्षित विद्यार्थी एवं निःशुल्क शैक्षणिक सुविधा:
यह पहल पूर्णतः निःशुल्क है। इसके तहत सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत कक्षा 9वीं, 10वीं, 11वीं एवं 12वीं के कमजोर तथा आर्थिक रूप से पिछड़े वर्ग के विद्यार्थियों को विशेष शैक्षणिक सहयोग प्रदान किया जाएगा। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों की शैक्षणिक कमजोरियों को दूर करना, गृहकार्य में सहयोग देना तथा आगामी परीक्षाओं की बेहतर तैयारी सुनिश्चित करना है।
3. महत्वपूर्ण एवं आधुनिक विषयों की पढ़ाई:
संध्याकालीन कक्षाओं में अंग्रेजी, गणित, विज्ञान, कंप्यूटर साइंस एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसे महत्वपूर्ण विषयों के अध्यापन पर विशेष जोर दिया जाएगा।
4. डिजिटल संसाधनों का प्रभावी उपयोग:
कक्षाओं के संचालन में विद्यालय में उपलब्ध सरकारी शैक्षणिक संसाधनों, डिजिटल इन्फ्रास्ट्रक्चर एवं स्मार्ट बोर्ड का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि विद्यार्थियों को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षण का लाभ मिल सके।
5. जनभागीदारी एवं स्वैच्छिक अध्यापन:
‘सुपर 30’ की तर्ज पर जनभागीदारी आधारित इस पहल में सरकारी शिक्षकों के अतिरिक्त समाज के प्रबुद्ध नागरिक एवं 70 वर्ष से कम आयु के सेवानिवृत्त पदाधिकारी भी बिना किसी मानदेय के स्वैच्छिक आधार पर अध्यापन कर सकेंगे। इसमें सेवानिवृत्त सरकारी सेवाओं के इच्छुक पदाधिकारी शामिल हो सकते हैं। इच्छुक व्यक्ति ‘विद्यांजलि ऐप’ पर पंजीकरण कर अथवा जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय में भौतिक आवेदन देकर अस्थायी अनुमति प्राप्त कर सकते हैं।
6. शिक्षकों के लिए प्रोत्साहन एवं नियमित अनुश्रवण:
कार्यक्रम में अध्यापन करने वाले सरकारी शिक्षकों को विभागीय निर्देशों के अनुरूप प्रत्येक तीन दिनों के कक्षा संचालन के विरुद्ध एक दिन का क्षतिपूर्ति अवकाश देय होगा। कार्यक्रम के प्रभावी एवं नियमित अनुश्रवण हेतु जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (माध्यमिक शिक्षा एवं साक्षरता) तथा संबंधित प्रखंड शिक्षा पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया है।
जिला प्रशासन की विशेष अपील
जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग की ओर से सभी अभिभावकों, विद्यार्थियों, विद्यालय प्रधानाध्यापकों, शिक्षकों तथा समाज के प्रबुद्ध नागरिकों से अपील की जाती है कि ‘संकल्प संध्या’ को एक जनभागीदारी आधारित शैक्षणिक अभियान के रूप में सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
सरकारी विद्यालयों में कक्षा 9वीं से 12वीं तक अध्ययनरत कमजोर एवं आर्थिक रूप से पिछड़े वर्ग के विद्यार्थियों को इस निःशुल्क शैक्षणिक सुविधा से जोड़ने के लिए अभिभावक अपने बच्चों को नियमित रूप से संध्याकालीन कक्षाओं में भेजें। विद्यालय प्रधानाध्यापक एवं शिक्षक ऐसे विद्यार्थियों की पहचान कर उन्हें इस अवसर का लाभ उठाने हेतु प्रेरित करें।
समाज के शिक्षित, अनुभवी एवं प्रबुद्ध नागरिकों तथा सेवानिवृत्त पदाधिकारियों से भी अपील है कि वे स्वैच्छिक रूप से अध्यापन कार्य में योगदान देकर इस पुनीत शैक्षणिक अभियान का हिस्सा बनें। आपका ज्ञान, अनुभव और समय किसी विद्यार्थी के भविष्य को नई दिशा दे सकता है।
आइए, हम सब मिलकर यह संकल्प लें कि आर्थिक अभाव या शैक्षणिक संसाधनों की कमी किसी भी बच्चे की प्रतिभा और सपनों के आड़े नहीं आएगी। जनभागीदारी, सामूहिक प्रयास और गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन के माध्यम से बक्सर के प्रत्येक जरूरतमंद विद्यार्थी को आगे बढ़ने का अवसर उपलब्ध कराएं।
‘संकल्प संध्या’ केवल संध्याकालीन कक्षाएं नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य, समान शैक्षणिक अवसर और शिक्षित एवं सशक्त बक्सर के निर्माण का सामूहिक संकल्प है।
जिला जन संपर्क कार्यालय
बक्सर।
@top fans Information & Public Relations Department, Government of Bihar Buxar Administration CMO Bihar Buxar Police Samrat Choudhary जिला प्रशासन बक्सर Bihar Education Department Buxar Education Department #CMSamrat #IPRDBihar #IPRD_Bihar #BuxarNews #bihar #buxarcity #buxarjila #samratchaudhary
Buxar, Bihar | Nov 17, 2026