bareillylive: महात्मा ज्योतिबा फुले रोहिलखंड विश्वविद्यालय का 24वां दीक्षांत समारोह सोमवार को गरिमामय वातावरण में आयोजित हुआ। खराब मौसम के कारण कुलाधिपति एवं उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल बरेली नहीं पहुंच सकीं, लेकिन उन्होंने राजभवन, लखनऊ से ऑनलाइन जुड़कर समारोह को संबोधित किया और विश्वविद्यालय परिसर में स्थापित स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का ऑनलाइन अनावरण किया।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री उच्चतर शिक्षा अभियान (पीएम-उषा) के अंतर्गत नवीनीकृत कृषि एवं प्रौद्योगिकी संकाय का लोकार्पण तथा एचपीवी टीकाकरण अभियान के प्रमाणपत्रों का वितरण भी किया गया।
अपने संबोधन में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा कि स्वर्ण पदक विजेताओं में बेटियों की संख्या अधिक होना गर्व का विषय है और यह शिक्षा एवं अनुसंधान के क्षेत्र में उनकी बढ़ती भागीदारी का प्रमाण है।
उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को समान अवसर उपलब्ध कराने, महिला स्वास्थ्य के लिए एचपीवी टीकाकरण को बढ़ावा देने तथा डिजिलॉकर के माध्यम से उपाधि वितरण व्यवस्था की सराहना की। उन्होंने युवाओं को स्टार्टअप, स्वरोजगार और नवाचार की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान भी किया।
समारोह में मुख्य अतिथि भारत सरकार के स्वास्थ्य विभाग के पूर्व संयुक्त सचिव डॉ. राकेश कुमार, विशिष्ट अतिथि प्रो. पी.बी. सिंह तथा बरेली सांसद छत्रपाल गंगवार उपस्थित रहे। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. के.पी. सिंह ने विश्वविद्यालय की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि विश्वविद्यालय को नैक द्वारा A++ ग्रेड तथा यूजीसी की कैटेगरी-1 का दर्जा प्राप्त है।