पलवल में लाखों रुपये के मादक पदार्थों का किया गया निष्पादन, 8 मामलों की जब्त नशीली सामग्री नष्ट
पलवल, 9 जुलाई। नशा मुक्त भारत अभियान के तहत जिला पुलिस ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न मामलों में बरामद लाखों रुपये मूल्य के मादक पदार्थों का विधिवत निष्पादन कराया। यह कार्रवाई ओम प्रकाश नरवाल की अध्यक्षता में तथा नीतीश अग्रवाल की मौजूदगी में संपन्न हुई।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, सेक्टर-37, गुरुग्राम स्थित बायोटिक वेस्ट लिमिटेड कंपनी में 8 मामलों से संबंधित जब्त मादक पदार्थों और प्रतिबंधित इंजेक्शनों का निष्पादन किया गया। यह कार्रवाई हरियाणा पुलिस महानिदेशक से अनुमति प्राप्त होने के बाद की गई। इस दौरान डीएसपी मुख्यालय साहिल ढिल्लों, डीएसपी स्टेट क्राइम तथा समिति के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे।
नष्ट किए गए मादक पदार्थों में 4.350 किलोग्राम गांजा, 2.070 किलोग्राम सुल्फा, 21 ग्राम स्मैक/हेरोइन तथा 260 प्रतिबंधित इंजेक्शन शामिल थे। इनकी अंतरराष्ट्रीय अनुमानित कीमत लगभग 3 लाख रुपये आंकी गई है।
निष्पादन से पहले आईजीपी ने अपनी मौजूदगी में इलेक्ट्रॉनिक कांटे से सभी जब्त मादक पदार्थों का वजन सत्यापित कराया। वजन सही पाए जाने के बाद उनकी निगरानी में पूरी प्रक्रिया संपन्न कराई गई।
इस अवसर पर आईजीपी ने पुलिस अधीक्षक नीतीश अग्रवाल के नेतृत्व में जिला पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ की जा रही प्रभावी कार्रवाई और लगातार हो रही मादक पदार्थों की बरामदगी की सराहना की। कार्रवाई के दौरान रीडर आईजीपी एएसआई रवि कुमार, मालखाना मोहर्रर उप निरीक्षक जगबीर सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे बताए।
Palwal, Palwal | Jul 9, 2026