#गाजीपुर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: गोतस्करों से मुठभेड़, पंजाब का शातिर तस्कर घायल; तीन गिरफ्तार
दो डीसीएम से 18 गोवंश बरामद, अवैध तमंचा और कारतूस भी मिले
गाजीपुर। जनपद में गो-तस्करों के खिलाफ गाजीपुर पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में भांवरकोल थाना पुलिस की गो-तस्करों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पंजाब का रहने वाला एक शातिर गो-तस्कर गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने घायल समेत कुल तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। मौके से दो डीसीएम वाहनों में लदे 18 गोवंश और एक अवैध तमंचा बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 12 नवंबर की रात थानाध्यक्ष भांवरकोल राजीव कुमार पाण्डेय पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पंजाब नंबर की एक संदिग्ध डीसीएम में गोवंश लादकर पक्खनपुर होते हुए बिहार ले जाए जा रहे हैं।
सूचना पर पुलिस टीम ने रसूलपुर मोहम्मदाबाद-भरौली मार्ग पर घेराबंदी कर PB10...8928 नंबर की डीसीएम को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान वाहन से नौ गोवंश बरामद हुए। चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उसने एक अन्य डीसीएम में भी नौ गोवंश लदे होने की जानकारी दी।
कुछ देर बाद दूसरी डीसीएम आती दिखाई दी। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो उसमें सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश के बाएं पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश को तत्काल सीएचसी मोहम्मदाबाद भेजा गया। पुलिस ने मौके से अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान दर्शन सिंह (58), पवन कुमार (30) और सुखदीप कुमार (37) के रूप में हुई है। तीनों पंजाब के लुधियाना जनपद के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस ने यह सामान किया बरामद:
- दो डीसीएम वाहन (पंजाब नंबर)
- कुल 18 गोवंश
- एक अवैध तमंचा .315 बोर
- एक खोखा कारतूस .315 बोर
- एक जिंदा कारतूस .315 बोर
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे पंजाब से गोवंश लादकर बिहार में बेचने के लिए ले जा रहे थे। मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष भांवरकोल राजीव कुमार पाण्डेय और शेरपुर चौकी प्रभारी विपिन कुमार सिंह अपनी पुलिस टीमों के साथ शामिल रहे।
Sevrai, Ghazipur | Nov 12, 2026