सुपौल में SP शरथ आर.एस. का अनोखा अंदाज, जाम के बीच सड़क पर उतरे; खुद संभाली ट्रैफिक व्यवस्था
NH-27 और NH-106 पर भीषण जाम के बीच पहुंचे एसपी, पुलिस पदाधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश; भाई दूज पर उमड़ी भीड़ को नियंत्रित करने में जुटी पुलिस
सुपौल। भाई दूज पर्व को लेकर सुपौल जिले में बुधवार को बाजारों और प्रमुख सड़कों पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। इस दौरान शहर के प्रमुख मार्गों के साथ-साथ NH-27 और NH-106 पर भीषण जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। सड़कों पर वाहनों की लंबी कतार लगने से आम राहगीरों और यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
जाम की सूचना और यातायात व्यवस्था का जायजा लेने के लिए पुलिस अधीक्षक शरथ आर.एस. स्वयं सड़क पर पहुंच गए। एसपी का अंदाज उस समय देखने को मिला, जब वे जाम के बीच पहुंचकर खुद ट्रैफिक नियंत्रित करते नजर आए। उन्होंने सड़क पर उतरकर वाहनों की आवाजाही सुचारू कराने में पुलिसकर्मियों का सहयोग किया।
इस दौरान एसपी ने मौके पर मौजूद पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने, जाम से शीघ्र निजात दिलाने और पर्व के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने प्रमुख चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस बल की सक्रियता बनाए रखने पर जोर दिया।
भाई दूज पर्व को लेकर बाजारों में खरीदारी और आवाजाही बढ़ने से यातायात का दबाव काफी बढ़ गया है। ऐसे में पुलिस प्रशासन लगातार सड़कों पर मुस्तैद है। एसपी के नेतृत्व में पुलिसकर्मी जाम हटाने और यातायात को सामान्य बनाए रखने में जुटे हुए हैं। एसपी के खुद सड़क पर उतरकर व्यवस्था संभालने की तस्वीरें और दृश्य लोगों के बीच चर्चा का विषय बने हुए हैं।
Supaul, Supaul | Nov 11, 2026