भूमि धोखाधड़ी मामले में तीसरा आरोपी गिरफ्तार, रुड़की पुलिस की बड़ी कार्रवाई
हरिद्वार पुलिस के ऑपरेशन प्रहार के तहत कोतवाली रुड़की पुलिस ने भूमि धोखाधड़ी से जुड़े मामले में फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर धोखाधड़ी से प्राप्त धनराशि अपने खाते में लेने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, 19 दिसंबर 2024 को ज्वालापुर निवासी संजीव कुमार ने रणबीर, इस्लाम और अजय उर्फ पिंकू के खिलाफ भूमि रजिस्ट्री में धोखाधड़ी करने की शिकायत दर्ज कराई थी। इस संबंध में कोतवाली रुड़की में मुकदमा संख्या 754/2024 दर्ज किया गया था, जिसकी विवेचना वरिष्ठ उपनिरीक्षक धर्मेंद्र राठी कर रहे थे।
मामले में आरोपी रणबीर और अजय उर्फ पिंकू को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। शेष आरोपी इस्लाम की गिरफ्तारी के लिए गठित पुलिस टीम ने 4 जून 2026 को उसे उसके गांव मुस्तफाबाद उर्फ पदार्थ, थाना पथरी क्षेत्र से दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान इस्लाम पुत्र अख्तर निवासी मुस्तफाबाद उर्फ पदार्थ, थाना पथरी, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस आरोपी के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
ऑपरेशन प्रहार के तहत लगातार कार्रवाई हरिद्वार पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत अपराधियों और फरार आरोपियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत विभिन्न मामलों में वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा रही है।