सेवा संकल्प अभियान के तहत सेवा सेतु शिविर आयोजित
सरकार आपके द्वार शिविर में 643 आवेदन प्राप्त, 216 हितग्राही हुए लाभान्वित
एक ही स्थान पर नागरिकों को मिलीं विभिन्न शासकीय सेवाएं, आयुष स्वास्थ्य शिविर में 61 लोगों का परीक्षण
---
#सेवा_संकल्प_अभियान के अंतर्गत शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने और नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से 4 अक्टूबर को नगर पालिका छतरपुर प्रांगण में ‘सरकार आपके द्वार’ सेवा सेतु शिविर आयोजित किया गया। शिविर का शुभारंभ विधायक श्रीमती ललिता यादव, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती ज्योति चौरसिया एवं जनप्रतिनिधियों ने दीप प्रज्वलित कर किया।
शिविर में 18 विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी तथा लाभ उपलब्ध कराया गया। शिविर में कुल 643 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें नगरीय प्रशासन एवं विकास के 365, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण के 92, श्रम विभाग के 79, सामाजिक न्याय के 46, महिला एवं बाल विकास के 22, राजस्व एवं स्कूल शिक्षा के 15-15 तथा खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति के 9 आवेदन शामिल हैं।
शिविर में 216 हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय सेवाओं का लाभ प्रदान किया गया। इनमें प्रधानमंत्री आवास योजना के 70, श्रम कार्ड के 30, पेंशन के 23, विवाह पंजीयन के 19, संबल अनुग्रह सहायता के 11, खाद्यान्न पात्रता पर्ची के 13, एएचपी आवास के 13 तथा पीएम स्वनिधि के 7 हितग्राही शामिल हैं। अन्य 30 नागरिकों को भी विभिन्न विभागों की सेवाओं का लाभ प्रदान किया गया।
आयुष स्वास्थ्य शिविर में 61 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण
सेवा सेतु अभियान के अंतर्गत नगर पालिका परिसर में आयुष स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित किया गया। जिला आयुष अधिकारी डॉ. नीरजा तिवारी के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में डॉ. विकेश असाटी एवं डॉ. भरत पटेल ने स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कीं। शिविर में 61 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान बीपी, शुगर एवं हीमोग्लोबिन की जांच के साथ आवश्यकतानुसार आयुर्वेदिक औषधियों का वितरण एवं स्वास्थ्य परामर्श दिया गया।
शिविर में नागरिकों को आयुर्वेद आधारित स्वस्थ जीवनशैली, संतुलित आहार, दिनचर्या एवं ऋतुचर्या के संबंध में आवश्यक स्वास्थ्य मार्गदर्शन प्रदान किया गया। साथ ही स्वस्थ एवं निरोगी जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक किया गया।
विधायक ललिता यादव ने कहा कि शासन का उद्देश्य प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। इसी उद्देश्य से नागरिकों को उनके निकट ही सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए ऐसे शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती ज्योति चौरसिया ने कहा कि नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराई गई हैं। प्राप्त आवेदनों पर संबंधित शाखाओं द्वारा कार्रवाई करते हुए कई मामलों का मौके पर ही निराकरण किया गया।
कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन किया और नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली।
Jansampark Madhya Pradesh
#chhatarpur