*’’मेडिकल स्टोर्स के निरीक्षण में मिली अनियमितताएं, एक दवा दुकान को कराया गया बंद’’*
*दवा दुकानों की जांच में मिली खामियां, नियमों के पालन के दिए निर्देश*
जिले में औषधियों की गुणवत्ता एवं दवा दुकानों के नियमानुसार संचालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 27 जुलाई 2026 को मेहंदवानी, कठोतिया एवं किसलपुरी क्षेत्र में संचालित विभिन्न मेडिकल स्टोर्स का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान राजा मेडिकल स्टोर्स, कुशल मेडिकल स्टोर्स, मनमोहन मेडिकल स्टोर्स, अब्दुल मेडिकल स्टोर्स एवं शिव शक्ति मेडिकल स्टोर्स सहित अन्य दवा दुकानों का औषधि प्रशासन की टीम द्वारा परीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान कुछ मेडिकल स्टोर्स में एक्सपायरी दवाओं का ट्रेड स्टॉक के साथ पाया जाना, आवश्यक अभिलेखों एवं दस्तावेजों का समुचित संधारण नहीं किया जाना तथा लाइसेंस की शर्तों के विपरीत फार्मासिस्ट की अनुपस्थिति जैसी अनियमितताएं सामने आईं। निरीक्षण दल ने संबंधित संचालकों को नियमानुसार दवा दुकानों का संचालन करने तथा सभी आवश्यक प्रावधानों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए एक मेडिकल स्टोर को फार्मासिस्ट की अनुपस्थिति के आधार पर तत्काल प्रभाव से तब तक बंद करा दिया गया, जब तक वहां नियमानुसार फार्मासिस्ट की उपस्थिति सुनिश्चित नहीं हो जाती। इसके साथ ही संबंधित दवा दुकानों को कारण बताओ नोटिस जारी करने की कार्यवाही की जा रही है। अधिकारियों ने मेडिकल स्टोर्स के संचालकों को चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम तथा संबंधित नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कड़ी कार्यवाही की जाएगी। साथ ही जिले में आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध कराने के लिए इस प्रकार के निरीक्षण आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।
#Dindori #DrugAdministration #MedicalStoreInspection #PublicHealth #QualityMedicines #RegulatoryCompliance #GoodGovernance #MadhyaPradesh #PublicRelations #jansampark
3 views | Dindori, Madhya Pradesh | Jul 28, 2026