*नशे से दूरी है जरूरी 2.0 अभियान के तहत निकली नशा शव यात्रा, नशामुक्त समाज के निर्माण का दिया संदेश*
*नशा छोड़ें, जीवन जोड़ें: जिले में निकली जागरूकता रैली*
कलेक्टर जिला डिंडोरी श्रीमती अंजू पवन भदोरिया एवं पुलिस अधीक्षक श्री आशीष खरे के निर्देशन में सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग तथा पुलिस विभाग के संयुक्त तत्वाधान में नशा मुक्ति अभियान के अंतर्गत “नशे की शव यात्रा” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक श्री आशीष खरे द्वारा उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों को नशामुक्त रहने की शपथ दिलाकर किया गया। इसके पश्चात जागरूकता यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
कार्यक्रम के दौरान नशे की प्रतीकात्मक शव यात्रा बैंड-बाजे एवं नशा मुक्ति के प्रेरक नारों और स्लोगनों के साथ शहर के प्रमुख मार्गों से निकाली गई। यात्रा का उद्देश्य आमजन को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराते हुए समाज में नशामुक्त वातावरण बनाने का संदेश देना था। यात्रा के दौरान नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए नशे से दूर रहने का संकल्प लिया।
जागरूकता यात्रा का समापन कलेक्ट्रेट तिराहे पर किया गया, जहाँ सिगरेट, बीड़ी, तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों का प्रतीकात्मक दहन कर नशे के प्रति समाज की अस्वीकृति का संदेश दिया गया। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने नशा न करने एवं दूसरों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने की शपथ ली।
कार्यक्रम में अपर कलेक्टर श्री जे.पी. यादव, डिप्टी कलेक्टर श्री वैधनाथ वासनिक, एसडीओपी बजाग श्री विवेक कुमार गौतम, एसडीओपी डिंडोरी श्री सतीश कुमार द्विवेदी, उपसंचालक सामाजिक न्याय श्री श्याम सिंगौर सहित जिला प्रशासन, सामाजिक न्याय विभाग एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से समाज को यह संदेश दिया गया कि नशामुक्त जीवन ही स्वस्थ, सुरक्षित और समृद्ध समाज की आधार शिला है तथा प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह स्वयं नशे से दूर रहे और दूसरों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करे।
#Dindori | #DrugFreeCampaign | #NashaSeDooriHaiZaroori2_0 | #DrugFreeSociety | #PublicAwareness | #SayNoToDrugs | #HealthyLife | #SocialJustice | #MadhyaPradesh | #PoliceDepartment | #DistrictAdministration | #JanSampark #spdindori
4 views | Dindori, Madhya Pradesh | Jul 28, 2026