मौसम की चुनौती के बीच कैडेट्स ने दिखाया साहस, 38 किमी की सेलिंग पूरी
गोबिंद सागर झील में चल रहे ‘संकल्प एक्सपीडिशन-2026’ के दसवें दिन एनसीसी कैडेट्स ने खराब मौसम के बीच साहस और अनुशासन का परिचय देते हुए अभियान को आगे बढ़ाया। तेज हवाओं, बारिश और आंधी के बावजूद कैडेट्स ने करीब 38 किलोमीटर की सेलिंग पूरी की।
अभियान के तहत कैडेट्स ने जकातखाना से ज्योरिपत्तन तक रूट मार्च किया। इसके बाद ज्योरिपत्तन से गंभर पुल होते हुए बिलासपुर तक नौकायन किया गया। इस दौरान कैडेट्स ने विपरीत परिस्थितियों में टीमवर्क और धैर्य के साथ लक्ष्य की ओर बढ़ने का अनुभव हासिल किया।
जकातखाना में कैडेट्स ने स्थानीय लोगों और बच्चों को ‘टीबी मुक्त भारत’ अभियान के प्रति जागरूक किया तथा बीमारी के लक्षण, जांच और उपचार की जानकारी दी।
कमांडिंग ऑफिसर कमांडर सज्जन कुमार ने कहा कि चुनौतीपूर्ण मौसम ने कैडेट्स को कठिन परिस्थितियों में संयम और साहस के साथ आगे बढ़ना सिखाया। उन्होंने महिला कैडेट्स के उत्साह की भी सराहना की।
अभियान का समापन कल लुहणू घाट पर फ्लैग-इन सेरेमनी के साथ होगा। इसके बाद बहुउद्देशीय सांस्कृतिक भवन में सांस्कृतिक कार्यक्रम और पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा।
Dharmpur, Mandi | Sep 17, 2026