#भरतपुर। नदबई के रेलवे स्टेशन रोड पर बुधवार शाम को एक परचून गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप धारण कर लिया कि गोदाम में रखा रिफाइंड ऑयल, चीनी, गुड़ और पत्तल-दौने सहित सारा सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया। आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास की कॉलोनी के लोगों में हड़कंप मच गया और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। यह गोदाम स्थानीय व्यवसायी नरेश कुमार का था, जो उनकी मिठाई की दुकान के सामने स्थित है। शुरुआत में स्थानीय लोगों ने पानी की बाल्टियों से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेज हवाओं के कारण आग फैलती चली गई। सूचना मिलते ही नदबई नगर पालिका की दो दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल टीम ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। दमकल कर्मियों की मुस्तैदी से आग को आसपास की दुकानों और रिहाइशी मकानों में फैलने से रोक लिया गया। फिलहाल आग लगने के स्पष्ट कारणों का पता नहीं चल पाया है।