जिले में औबेदुल्लागंज से हुआ मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का शुभारंभ
कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने आमजन से सीधा संवाद कर जानी समस्याएं, 527 से अधिक प्रकरणों का हुआ निराकरण
–––
–––
नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने और शासकीय योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के उद्देश्य से शुरू किए गए ‘मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान’ का जिला स्तरीय शुभारंभ कार्यक्रम औबेदुल्लागंज में सम्पन्न हुआ। जनपद पंचायत प्रांगण में स्थित आजीविका भवन में आयोजित इस जिला स्तरीय कार्यक्रम में कलेक्टर श्री अरूण कुमार विश्वकर्मा द्वारा सीएम हेल्पलाईन तथा जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों के साथ ही लोक सेवा गारंटी के प्रकरणों की भी समीक्षा कर निराकरण किया गया। उन्होंने स्वयं कई नागरिकों से मोबाईल पर सीधे संवाद कर समस्या के निराकरण हेतु अभी तक की गई कार्यवाही की वस्तुस्थिति जानी। इस दौरान उद्योग विभाग के आयुक्त श्री दिलीप कुमार तथा सहकारिता विभाग के आयुक्त दीपक सिंह भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत 150 से अधिक जाति प्रमाण पत्र वितरित किए गए। साथ ही 527 से अधिक आवेदन निराकृत किए गए।
कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नागरिकों को प्रदान की जा रही सेवाओं का पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन किया जाए। जिसके माध्यम से समय सीमा में नागरिकों को शासकीय योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने जनसमस्याओं की भी समीक्षा करते हुए उनके त्वरित, प्रभावी एवं समयबद्ध निराकरण के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने उपस्थित नागरिकों से भी उनकी समस्याओं के संबंध में विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि यह संवाद कार्यक्रम जनकल्याण के प्रति शासन की प्रतिबद्धता तथा जन-विश्वास को सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है। इस जन विश्वास अभियान के माध्यम से पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासन देना हमारी प्राथमिकता है। जिला प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि कोई भी पात्र हितग्राही योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने विभागवार लंबित आवेदनों की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों से अभी तक निराकरण नहीं होने का कारण जानते हुए आमजन की समस्याओं, आवेदनों का गंभीरता के साथ शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि समस्याओं के निराकरण में विलम्ब या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कार्यक्रम में उद्योग विभाग के आयुक्त श्री दिलीप कुमार तथा सहकारिता विभाग के आयुक्त दीपक सिंह द्वारा नागरिकों से संवाद करते हुए विभागीय योजनाओं तथा कार्यो के बारे चर्चा की गई। साथ ही विभाग से संबंधित लंबित आवेदनों को मौके पर ही निराकृत भी कराया गया। कार्यक्रम में आए नागरिकों ने इस अभियान की सराहना करते हुए कहा कि एक ही छत के नीचे विभिन्न विभागों से जुड़े काम होने और अधिकारियों से सीधे संवाद की सुविधा से आमजन जनता को भटकना नहीं पड़ रहा है। इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती लक्ष्मी सोनू चौकसे, जिला पंचायत सीईओ श्री कमल सोलंकी, अपर कलेक्टर श्री मनोज उपाध्याय सहित जिला अधिकारी और विकासखण्ड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
#JanVishwasAbhiyan2026 #हर_शुक्रवार_जनता_के_नाम #Raisen Jansampark Madhya Pradesh JDjansampark Bhopal
Raisen, Madhya Pradesh | Aug 7, 2026