#बालाघाट
पूर्व गणतंत्र दिवस परेड के लिए जिला स्तरीय चयन प्रक्रिया संपन्न
उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 8 स्वयंसेवकों का विश्वविद्यालय स्तरीय चयन के लिए हुआ चयन
गणतंत्र दिवस-2027 के अवसर पर नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर आयोजित होने वाली गणतंत्र दिवस परेड एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के स्वयंसेवकों की सहभागिता के लिए पूर्व गणतंत्र दिवस परेड (Pre-RDC) की जिला स्तरीय चयन प्रक्रिया 28 सितंबर को सांदीपनि विद्यालय, बालाघाट में आयोजित की गई।
रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय, जबलपुर के अंतर्गत आयोजित चयन प्रक्रिया में जिले के विभिन्न महाविद्यालयों के NSS स्वयंसेवकों ने सहभागिता की। किरनापुर, परसवाड़ा, वारासिवनी, प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस शासकीय जटाशंकर त्रिवेदी स्नातकोत्तर महाविद्यालय बालाघाट, कमला नेहरू कन्या महाविद्यालय सहित अन्य महाविद्यालयों के स्वयंसेवकों ने परेड, दौड़, साक्षात्कार एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन एवं स्वामी विवेकानंद के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन व माल्यार्पण से हुआ। मुख्य अतिथि प्राचार्य डॉ. अशोक कुमार मराठे, सांदीपनि विद्यालय के प्राचार्य डॉ. युवराज राहंगडाले, एनसीसी अधिकारी अशोक कुमार रावडे एवं जिला संगठक NSS डॉ. डुलेश्वरी टेम्भरे उपस्थित रहे। जिला स्तरीय चयन में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर 8 स्वयंसेवकों का विश्वविद्यालय स्तरीय चयन प्रक्रिया के लिए चयन किया गया। इनमें श्रुति गौतम, वीणा बांगरे, तुषार बांगरे, निलेश नागेश्वर, सुदय थापा एवं नितिन सैयाम (पीजी कॉलेज बालाघाट), वंदना उइके (कमला नेहरू कन्या महाविद्यालय) तथा मिताली चौधरी (एसएसपी कॉलेज वारासिवनी) शामिल हैं।
चयन प्रक्रिया को व्यवस्थित एवं अनुशासित बनाने में लेफ्टिनेंट डॉ. गजानन कटरे, एनसीसी प्रशिक्षक एस.के. पालेवार एवं कृष्ण पाल यादव का सहयोग रहा। आयोजन प्रो. सुखचंद एडे एवं श्री अशोक कुमार कोर्राम के नेतृत्व में किया गया। जिला संगठक डॉ. डुलेश्वरी टेम्भरे ने चयनित स्वयंसेवकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास एवं राष्ट्रसेवा की भावना को विकसित करने का अवसर प्रदान करते हैं।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #highereducation #NSS
Balaghat, Madhya Pradesh | Sep 29, 2026