जिला कुल्लू के 201 स्काउट्स एवं गाइड्स के तृतीय सोपान टेस्टिंग शिविर का चौथा दिन संपन्न
Kullu Times
पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हरिपुर में आयोजित भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, जिला कुल्लू के तृतीय सोपान टेस्टिंग शिविर का आज चौथा दिन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। शिविर में जिला कुल्लू के 31 स्कूलों से 201 स्काउट्स एवं गाइड्स भाग ले रहे हैं।
मनोहर लाल ठाकुर, राज्य प्रशिक्षण आयुक्त (स्काउट) एवं नारायण शर्मा, जिला संगठन आयुक्त (स्काउट) ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि आज प्रतिभागियों की गांठों की परीक्षा, लॉग बुक चेकिंग, कैम्पस एवं एस्टीमेशन तथा फर्स्ट एड की परीक्षा ली गई।
दोपहर बाद सभी प्रतिभागियों को जमलू ऋषि के पवित्र स्थल सोयल की उद्देश्यपूर्ण हाइकिंग करवाई गई।
वहीं, टीम सहभागिता के निदेशक एवं स्नो लैंड स्काउट्स एंड गाइड्स ओपन ग्रुप के ग्रुप लीडर बीजू हिमदल द्वारा बच्चों के लिए नशे के खिलाफ जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। इस दौरान बच्चों को नशे के दुष्प्रभावों और इससे दूर रहने के महत्व के बारे में जागरूक किया गया।
शिविर के सफल आयोजन में राज्य संगठन आयुक्त पंकज गुप्ता, जिला संगठन आयुक्त (गाइड्स) रीना परमार, जिला प्रशिक्षण आयुक्त (स्काउट) देव चंद एवं जिला प्रशिक्षण आयुक्त (गाइड्स) शांति देवी सहित अन्य पदाधिकारी एवं प्रशिक्षक महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
कल शिविर का समापन समारोह आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रेम सिंह, सेवानिवृत्त महानिरीक्षक, आईटीबीपी बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित होकर शिविर का समापन करेंगे।
Kullu, Kullu | Sep 13, 2026