जिला भिवानी में तैनात पांच पुलिस कर्मचारियों की सेवानिवृत्ति पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में विदाई समारोह का आयोजन किया गया।
जिला कल्याण निरीक्षक नफे सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि आज जिला भिवानी में कार्यरत पांच पुलिस कर्मचारियों के सेवानिवृत्त होने के अवसर पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया।
उन्होंने बताया कि सेवानिवृत्त होने वाले पुलिस कर्मचारियों में निरीक्षक अशोक कुमार, जिन्होंने पुलिस विभाग को 36 वर्ष की सेवाएं दीं, निरीक्षक ओमपाल, जिन्होंने 36 वर्ष की सेवाएं दीं, उपनिरीक्षक सुरेश कुमार, जिन्होंने 37 वर्ष की सेवाएं दीं, उपनिरीक्षक तेलू राम, जिन्होंने 33 वर्ष की सेवाएं दीं तथा उप निरीक्षक जोगिंदर सिंह शामिल रहे।
कार्यक्रम के दौरान डीएसपी क्राइम अनूप कुमार ने सेवानिवृत्त हो रहे सभी कर्मचारियों को फूलमाला पहनाकर, पगड़ी पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों तथा सेवानिवृत्त कर्मचारियों के परिजनों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी कर्मचारियों ने अपने लंबे सेवाकाल के दौरान पूरी लगन, मेहनत, निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ पुलिस विभाग की सेवा की है। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति केवल सरकारी सेवा का समापन है, जबकि समाज एवं विभाग के प्रति उनका अनुभव और योगदान सदैव प्रेरणादायक रहेगा।
डीएसपी क्राइम अनूप कुमार ने कहा कि पुलिस विभाग अपने सेवानिवृत्त कर्मचारियों के कल्याण एवं आवश्यक सहयोग के लिए भविष्य में भी सदैव तत्पर रहेगा।
इस अवसर पर जिला पुलिस के अधिकारी एवं कर्मचारी, पुलिस अधीक्षक कार्यालय का स्टाफ तथा सेवानिवृत्त हो रहे कर्मचारियों के परिवारजन उपस्थित रहे।
पुलिस प्रवक्ता, भिवानी।।