🔳शिक्षण अधिगम सामग्री के प्रभावी उपयोग से बढ़ेगी शिक्षा की गुणवत्ता
🔳डाइट में 125 शिक्षकों का जिला स्तरीय उन्मुखीकरण संपन्न, निपुण शाला बनाने की रणनीति पर हुई चर्चा
🔳कटनी - राज्य शिक्षा केंद्र भोपाल के निर्देशानुसार एवं कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के मार्गदर्शन में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) कटनी में प्राथमिक शालाओं के 125 शिक्षकों का एक दिवसीय जिला स्तरीय उन्मुखीकरण आयोजित किया गया। इसमें जिले के छह विकासखंडों के कक्षा 1 से 5 तक पढ़ाने वाले शिक्षक शामिल हुए। उन्मुखीकरण में शिक्षण अधिगम सामग्री (टीएलएम) के प्रभावी उपयोग, बच्चों के सीखने के स्तर में सुधार और शालाओं को निपुण बनाने की रणनीति पर चर्चा की गई।
*17 और 24 अक्टूबर को होंगे शैक्षिक संवाद*
डाइट के शैक्षिक संवाद प्रभारी श्री राकेश सिन्नरकर ने बताया कि इस माह 17 अक्टूबर को कक्षा 1 से 2 तथा 24 अक्टूबर को कक्षा 3 से 5 तक पढ़ाने वाले शिक्षकों के लिए प्रत्येक जनशिक्षा केंद्र पर शैक्षिक संवाद आयोजित किए जाएंगे। राज्य स्तर से प्रशिक्षित सहजकर्ता निधि चतुर्वेदी एवं आनंद मिश्रा ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत शिक्षकों के व्यावसायिक उन्नयन, प्रोफेशनल लर्निंग कम्युनिटी, शैक्षिक संवाद के उद्देश्य एवं सिद्धांत तथा प्रभावी चर्चा के लिए बैठक व्यवस्था की जानकारी दी। इस माह की थीम 'शिक्षण अधिगम सामग्री और सीखना' पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
*टीएलएम और लर्निंग किट के उपयोग पर जोर*
सितंबर माह के शैक्षिक संवाद 'सीखने के लिए आकलन' के अंतर्गत ट्रैकर के आधार पर समूह निर्माण तथा बच्चों के अधिगम स्तर में सुधार के लिए उपयुक्त शिक्षण सामग्री के उपयोग पर शिक्षकों से संवाद किया गया। वर्ष 2025 में राज्य द्वारा चयनित शालाओं में कराए गए एफएलएन सर्वे के आधार पर विद्यालयों की वास्तविक स्थिति का आकलन कर सुधारात्मक कदम उठाने की रणनीति पर चर्चा हुई। लर्निंग किट और जादुई पिटारा के प्रभावी उपयोग को केस स्टडी के माध्यम से समझाया गया। डीएलएड के छात्र अध्यापकों द्वारा तैयार शिक्षण अधिगम सामग्री का भी अवलोकन कराया गया।
*निपुण शाला बनाने की कार्ययोजना समझाई*
प्रशिक्षण प्रभारी श्री राजेंद्र असाटी ने कलेक्टर के निर्देशन में निर्धारित मॉनिटरिंग के सभी 12 बिंदुओं, अकादमिक गुणवत्ता संबंधी निर्देशों, निपुण शाला बनाने के लिए आवश्यक कार्यवाही और निपुण शाला सत्यापन की रणनीति पर जानकारी दी। उन्होंने प्राथमिक शालाओं को निपुण बनाने की प्रक्रिया तथा इसमें शिक्षकों और जनशिक्षकों की भूमिका को विस्तार से समझाया।
उन्मुखीकरण में डाइट प्राचार्य श्रीमती एम.पी. डुंगडुंग, श्रीमती ज्योति श्रीवास्तव, श्री कमलेश सोनी, श्री देवेंद्र तिवारी, श्री शिवराम तिवारी, श्री किशोर शर्मा, श्री राजेश गुप्ता, श्रीमती मंजू शर्मा, श्री विक्रम सूर्यवंशी, श्री संतोष जायसवाल एवं श्री राजेंद्र प्रसाद तिवारी सहित अन्य संबंधित उपस्थित रहे।
#JansamparkMP
#CMMadhyaPradesh
#DrMohanYadav51
#udaypratapmp
#jbpcommissioner
#katni
#कटनी
40 views | Katni, Madhya Pradesh | Oct 9, 2026