दिनदहाड़े मोटरसाइकिल पर बेखौफ दौड़ रही थी नशे की खेप, लेकिन भावगढ़ पुलिस की मुस्तैदी ने तस्करों के मंसूबों पर पानी फेर दिया। मंदसौर जिले के दलोदा रोड पर वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने सीटी 100 मोटरसाइकिल को रोककर तलाशी ली तो प्लास्टिक के कट्टे में 25 किलोग्राम पीसा हुआ अवैध डोडाचूरा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से लखन सूर्यवंशी और जीवन सूर्यवंशी, दोनों निवासी मजेसरी, को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दोनों ने खुलासा किया कि यह खेप प्रहलाद सूर्यवंशी ने उन्हें दी थी, जिसे पुलिस ने फरार आरोपी बनाया है। कार्रवाई में 25 किलो डोडाचूरा, मोटरसाइकिल और दो मोबाइल सहित कुल 1 लाख 10 हजार रुपये का मशरूका जब्त किया गया है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश तेज कर दी है।