*नाबालिग से छेड़छाड़, विरोध करने पर पिता पर किया हमला:* शाहजहांपुर में आरोपी हुआ गिरफ्तार, जेल भेजा गया
https://dainik.bhaskar.com/5DAROF2wF3b
शाहजहांपुर में एक नाबालिग से छेड़छाड़ और उसके पिता पर हमले के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी ध्रुव को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के विरोध पर आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर पीड़िता के पिता की पिटाई की थी। पुलिस ने आरोपी को पूछताछ के बाद जेल भेज दिया है।
यह घटना थाना सदर बाजार क्षेत्र के एक मोहल्ले में हुई थी। नाबालिग के पिता ने 22 मई को सदर थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि रामनगर कटखाना निवासी ध्रुव ने उनकी नाबालिग बेटी के साथ अश्लील हरकतें और छेड़छाड़ की। जब बेटी ने घर आकर घटना की शिकायत की, तो पिता ने आरोपी ध्रुव से इसका विरोध किया।
आरोप है कि ध्रुव ने आजाद और अनिल समेत कई अन्य लोगों के साथ मिलकर पिता पर हमला किया और उनके साथ मारपीट की। आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी थी।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी। मुखबिर की सूचना पर पुलिस को पता चला कि आरोपी ध्रुव पुवायां रोड पर शाहबाजनगर तिराहे के पास मौजूद है। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को थाने लाकर पूछताछ की गई और फिर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने मामले की विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।