प्रेस विज्ञप्ति
समाहरणालय, मधेपुरा
जिला जनसंपर्क कार्यालय
दिनांक : 26 जुलाई, 2026
*सुशासन युक्त पंचायत के संकल्प के साथ जजहट सबैला में मनाया गया पंचायत विकास दिवस*
*जिला पदाधिकारी ने किया पौधारोपण,*
*टीबी मरीजों को फूड बास्केट एवं लाभुकों के बीच जॉब कार्ड व आयुष्मान भारत कार्ड का किया वितरण*
मधेपुरा, 26 जुलाई।
प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को सभी ग्राम पंचायत में पंचायत विकास शिविर कार्यक्रम के आयोजन के अंतर्गत आज मधेपुरा जिला के सिंहेश्वर प्रखंड अंतर्गत जजहट सबैला पंचायत में भी पंचायत विकास दिवस का आयोजन उत्साह एवं जनसहभागिता के साथ संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम का शुभारंभ जिला पदाधिकारी श्री अभिषेक रंजन ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर "सुशासन युक्त पंचायत" विषय पर विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श किया गया तथा जजहट सबैला ग्राम पंचायत में संपन्न विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं एवं पंचायत के समग्र विकास की दिशा में किए गए उल्लेखनीय प्रयासों पर परिचर्चा हुई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पंचायत की माननीय मुखिया श्रीमती चाँदनी खातून ने ग्राम पंचायत के सतत, समावेशी एवं सर्वांगीण विकास के लिए सभी जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं ग्रामीणों से सहयोग और समन्वय के साथ कार्य करने का आह्वान किया। वहीं प्रखंड स्तरीय बीस सूत्री अध्यक्ष ने भी ग्रामवासियों को संबोधित करते हुए पंचायत के विकास में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया।
पंचायत विकास दिवस के अवसर पर माननीय प्रधानमंत्री के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' का सामूहिक प्रसारण भी किया गया, जिसे उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सुना।
इस अवसर पर जिला पदाधिकारी ने सामाजिक सरोकार का परिचय देते हुए तीन टीबी मरीजों को फूड बास्केट प्रदान किया। साथ ही पाँच-पाँच लाभुकों के बीच मनरेगा जॉब कार्ड एवं आयुष्मान भारत कार्ड का वितरण कर विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुँचाने की प्रतिबद्धता दोहराई।
अपने संबोधन में जिला पदाधिकारी ने कहा कि टीबी एक उपचार योग्य बीमारी है। उन्होंने आमजन से अपील की कि टीबी मरीजों के साथ किसी प्रकार का भेदभाव न करें तथा यदि किसी व्यक्ति में लंबे समय से टीबी के लक्षण दिखाई दें तो निकटतम प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अथवा प्रखंड स्तर पर आयोजित जांच शिविर में अवश्य जांच कराएं। उन्होंने पात्र एवं छूटे हुए लाभुकों से सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं का लाभ प्राप्त करने हेतु जीवन प्रमाणीकरण कराने का आग्रह किया। साथ ही पर्यावरण संरक्षण एवं ऊर्जा बचत की दिशा में प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत सोलर ऊर्जा अपनाने का भी आह्वान किया।
कार्यक्रम के उपरांत जिला पदाधिकारी के नेतृत्व में पंचायत परिसर में पौधारोपण किया गया तथा पर्यावरण संरक्षण एवं हरित विकास का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, प्रभारी गोपनीय शाखा, मद्य निषेध एवं उत्पाद अधीक्षक, जिला कल्याण पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी सिंहेश्वर, प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी सिंहेश्वर, कार्यक्रम पदाधिकारी (मनरेगा), अन्य प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी एवं कर्मी, पंचायत प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
Information & Public Relations Department, Government of Bihar