बिलगांव क्वारी पहुंचे कलेक्टर, ग्रामीणों की सुनी समस्याएं; मौके पर हुआ निराकरण
मुरैना। ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ लेने के लिए जिला मुख्यालय या सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसी उद्देश्य से शनिवार को जिले के सभी विकासखंडों में सेवा सेतु अभियान ‘सरकार आपके द्वार’ के तहत शिविर आयोजित किए गए। प्रशासन और विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी सीधे ग्रामीणों के बीच पहुंचे और मौके पर आवेदन लेकर समस्याओं के निराकरण की कार्रवाई की।
जिलेभर में आयोजित शिविरों में विभिन्न विभागों से संबंधित 812 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 94 प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण किया गया। शेष आवेदनों को संबंधित विभागों के माध्यम से समय-सीमा में निराकरण के लिए दर्ज किया गया।
बिलगांव क्वारी पहुंचे कलेक्टर
जौरा विकासखंड के ग्राम बिलगांव क्वारी में आयोजित शिविर में कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए काउंटरों का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने अधिकारियों से प्राप्त आवेदनों की जानकारी लेते हुए पात्र प्रकरणों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
शिविर में करीब 450 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें पेंशन स्वीकृति, नामांतरण, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग और गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन करने वाले परिवारों के प्रमाण-पत्र सहित विभिन्न सेवाओं से जुड़े आवेदन शामिल रहे। नामांतरण के 5 प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण किया गया।
कलेक्टर ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार 3 और 4 अक्टूबर को सेवा सेतु अभियान के तहत प्रशासन गांव और वार्ड स्तर तक पहुंच रहा है। 3 अक्टूबर को विकासखंड स्तर पर तथा 4 अक्टूबर को नगरीय निकायों में शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों, ग्रामीणों, श्रमिकों, महिलाओं तथा वंचित और कमजोर वर्गों को शासन की योजनाओं का लाभ आसानी से मिले, इसके लिए मैदानी स्तर पर सक्रियता के साथ काम किया जाए।
विद्यार्थियों और ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच
बिलगांव क्वारी शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा ग्रामीणों और विद्यार्थियों की स्वास्थ्य जांच की गई। 50 से अधिक स्कूली विद्यार्थियों की आंखों की जांच की गई। आवश्यकता होने पर विद्यार्थियों को निःशुल्क चश्मा और उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।
वहीं करीब 170 से 180 ग्रामीणों की डायबिटीज और रक्तचाप की जांच की गई। स्वास्थ्य संबंधी आवश्यकता पाए जाने वाले लोगों का प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के माध्यम से फॉलोअप कराया जाएगा।
अक्टूबर से जनवरी तक जारी रहेगा जन-विश्वास अभियान
जिले में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान के तहत प्रत्येक शुक्रवार को मैदानी स्तर पर गतिविधियां जारी रहेंगी। ब्लॉक और तहसील स्तर की टीमें अलग-अलग ग्राम पंचायतों में पहुंचकर ग्रामीणों से आवेदन प्राप्त करने के साथ उन्हें शासन की योजनाओं की जानकारी दे रही हैं।
यह अभियान अक्टूबर से जनवरी माह तक निरंतर जारी रहेगा। सेवा सेतु अभियान के तहत पहाड़गढ़, सबलगढ़, कैलारस, जौरा, मुरैना, अंबाह और पोरसा विकासखंडों में नियुक्त नोडल अधिकारियों के नेतृत्व में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी शिविरों में मौजूद रहे।
अधिकारियों ने ग्रामीणों के आवेदन मध्यप्रदेश शासन के पोर्टल पर दर्ज किए और मौके पर निराकरण योग्य मामलों में आवश्यक कार्रवाई की।