*निजी औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने वाले उद्यमियों को 800 रुपये प्रति वर्गफुट की दर से अनुदान देगी मध्यप्रदेश सरकार : एमएसएमई मंत्री श्री कश्यप*
---
*उद्यमी हित में नीतियां बनाने और उनके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए लघु उद्योग भारती निरंतर कार्यरत : श्री मधुसूदन दादू*
---
*लघु उद्योग भारती के उद्यम समागम-2026 का हुआ समापन*
इंदौर, 3 अक्टूबर 2026
मध्यप्रदेश में नवीन लघु उद्योगों की स्थापना एवं औद्योगिक गतिविधियों के विस्तार को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य सरकार द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। यदि उद्यमी अपने क्षेत्र में लघु उद्योगों की स्थापना के लिए नया निजी औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने की योजना बनाते हैं, तो मध्यप्रदेश सरकार द्वारा उन्हें 800 रुपये प्रति वर्गफुट की दर से अनुदान प्रदान किया जाएगा। यह बात सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) मंत्री श्री चैतन्य कश्यप ने लघु उद्योग भारती के उद्यम समागम-2026 के समापन सत्र को संबोधित करते हुए कही।
एमएसएमई मंत्री श्री कश्यप ने कहा कि प्रदेश में नवीन लघु उद्योगों की स्थापना को बढ़ावा देने के लिए 50 प्रतिशत तक की सब्सिडी का प्रावधान किया गया है। मध्यप्रदेश सब्सिडी वितरण के क्षेत्र में देश में अग्रणी राज्यों में शामिल है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में उद्यमियों को सब्सिडी की राशि ऑनलाइन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को भी सरल और त्वरित बनाया गया है तथा लगभग दो माह की अवधि में सब्सिडी उपलब्ध कराई जा रही है। राज्य सरकार का उद्देश्य है कि उद्यमियों को उद्योग स्थापना एवं संचालन के दौरान आवश्यक सुविधाएं सहज रूप से उपलब्ध हों और प्रदेश में रोजगार के नए अवसरों का सृजन हो।
श्री कश्यप ने लघु उद्योग भारती के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे समागम केवल विचार-विमर्श के मंच नहीं हैं, बल्कि लघु उद्योगों के विस्तार और उद्यमिता के प्रति जागरूकता बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लघु उद्योगों के विकास के लिए उद्यमियों में जागरूकता और सकारात्मक वातावरण का निर्माण आवश्यक है, जिसके लिए लघु उद्योग भारती निरंतर सक्रियता के साथ कार्य कर रही है।
लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री मधुसूदन दादू ने कहा कि संगठन देश के 27 राज्यों में सक्रिय है और इसके लगभग 70 हजार सदस्य हैं। छोटे एवं लघु उद्योगों से जुड़े उद्यमियों की समस्याओं और आवश्यकताओं को सरकार तक पहुंचाने तथा उद्यमी हितैषी नीतियों के निर्माण एवं उनके प्रभावी क्रियान्वयन में लघु उद्योग भारती महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य देशभर के छोटे उद्यमियों को एक मंच उपलब्ध कराना और उनके विकास के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करना है।
श्री दादू ने महिला उद्यमिता एवं सशक्तिकरण के क्षेत्र में लघु उद्योग भारती द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी देते हुए कहा कि देश में 65 महिला इकाइयां स्वतंत्र रूप से कार्य कर रही हैं। इन इकाइयों के माध्यम से महिलाओं को उद्योग एवं स्वरोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय संगठन मंत्री श्री प्रकाश चंद्र ने कहा कि संगठन टीमवर्क और कार्यकर्ता आधारित व्यवस्था के माध्यम से कार्य करता है। उन्होंने कहा कि देश की आर्थिक आत्मनिर्भरता और आर्थिक आजादी का आधार लघु उद्योग हैं। भारत की हजारों वर्षों की उद्यम एवं उत्पादन परंपराओं को आधुनिक समय के अनुरूप विकसित करने की दिशा में लघु उद्योग भारती निरंतर कार्य कर रही है।
लघु उद्योग भारती मध्यप्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष श्री राजेश मिश्रा ने कहा कि प्रदेश के सभी 55 जिलों के औद्योगिक क्षेत्रों में लघु उद्योग भारती की इकाइयां सक्रिय रूप से उद्योग हित में कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के उद्यमियों की समस्याओं के निराकरण, नवीन उद्योगों को प्रोत्साहन तथा उद्योगों के विस्तार के लिए संगठन द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम का संचालन लघु उद्योग भारती के प्रदेश महामंत्री श्री अरुण सोनी ने किया। महिला इकाई की अध्यक्ष श्रीमती वर्षा जैन ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर लघु उद्योग भारती के उद्यम समागम-2026 की स्मारिका का विमोचन भी किया गया।
समापन समारोह में लघु उद्योग भारती के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री वज्जू भाई वागासिया, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष श्री ताराचंद गोयल, श्री समीर मुंदड़ा, श्री अतीत अग्रवाल, श्री अशोक अग्रवाल, श्रीमती सी.पी. दुबे, श्री जितेंद्र सिंह सहित लघु उद्योग भारती के देश, प्रदेश एवं विभिन्न प्रांतों की जिला इकाइयों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में उद्यमी उपस्थित रहे।
#JansamparkMP #indore #इंदौर #MSME #IndustrialDevelopment
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
MPIDC
36 views | Indore, Madhya Pradesh | Oct 4, 2026