प्रस्फुटन शक्ति संचय कार्यक्रम अंतर्गत ग्राम विकास समितियों का प्रशिक्षण सम्पन्न
पौधारोपण, नशा मुक्ति एवं सर्पदंश जागरूकता अभियान पर दिया गया विशेष जोर
=============================================================
जिले के विकासखंड तामिया में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा महाविद्यालय के सभागार में प्रस्फुटन शक्ति संचय कार्यक्रम के अंतर्गत आज ग्राम विकास समितियों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां भारती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।
बैठक सह प्रशिक्षण में जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन ने आगामी माह में आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए अगस्त माह में हर घर तिरंगा अभियान, तिरंगा रैली, हरियाली अमावस्या पर पौधारोपण, नवांकुर सखी, समितियों के दस्तावेजीकरण, बोर्ड एवं फ्लैक्स, नियमित बैठकों, सीएमसीएलडीपी कक्षाओं में प्रवेश, संस्कार केंद्र, जन सूचना केंद्र तथा आदर्श ग्राम निर्माण सहित विभिन्न विषयों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने फलदार पौधों के अधिकाधिक रोपण का आग्रह किया तथा जिले में संचालित नशामुक्ति अभियान 2.0 के अंतर्गत गांव-गांव पहुंचकर लोगों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने एवं सर्पदंश जागरूकता अभियान के माध्यम से ग्रामीणों को जागरूक करने का आह्वान किया।
विकासखंड समन्वयक श्रीमती ललिता कुशरे ने कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तार से प्रकाश डाला। कृषि विभाग आत्मा परियोजना के बीटीएम श्री नवनीत झरवड़े ने जैविक एवं परंपरागत कृषि के बीच अंतर बताते हुए जलवायु परिवर्तन तथा रासायनिक खेती के दुष्परिणामों की जानकारी दी।
समाजसेवी श्री नितिन दत्ता ने सड़क सुरक्षा, स्वच्छता, नशा मुक्ति, पर्यावरण संरक्षण तथा शासन की विभिन्न योजनाओं को सफल बनाने में जनसहभागिता के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तामिया के डॉ. योगेश पाराशर ने सर्पदंश की स्थिति में बरती जाने वाली सावधानियों, सांपों की विभिन्न प्रजातियों, दंश के प्रकार, उपचार तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी।
वन विभाग की डिप्टी रेंजर सुश्री माया धुर्वे ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सर्पों को प्रकृति का मित्र बताया तथा उनकी रक्षा करने की अपील की। उन्होंने समाज सेवा के क्षेत्र में कार्यरत लोगों को प्रोत्साहित करते हुए समाज कल्याण के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का आह्वान किया।
परामर्शदाता श्री शंकर राम प्रजापति ने गीतों एवं पौराणिक उदाहरणों के माध्यम से समाज कल्याण का संदेश दिया। वहीं विकासखंड समन्वयक श्री दीपक गेडाम ने समाज में व्याप्त कुरीतियों तथा मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा संचालित विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रमों की जानकारी दी।
प्रशिक्षण के दौरान नवांकुर एवं प्रस्फुटन समिति के सदस्यों तथा प्रशिक्षणार्थियों के साथ प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नवांकुर संस्था से श्री प्रदीप उइके, श्री रघुवीर पंद्राम, परामर्शदाता श्री सुभाष मिनोटे, श्री संदीप राज, श्री पंकज राय, सुश्री स्वाति सूर्यवंशी, श्री महेंद्र यादव सहित ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के सदस्य, नवांकुर संस्था के सदस्य एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।