"नशे से दूरी है ज़रूरी" विषय पर जागरूकता संगोष्ठी एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित
युवाओं ने लिया नशा मुक्त छिंदवाड़ा बनाने का संकल्प
==========================================================
'नशा मुक्त भारत अभियान' के अंतर्गत कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन एवं पुलिस अधीक्षक श्री अजय पाण्डेय के निर्देशन तथा मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन के मार्गदर्शन में आज नवांकुर संस्था सेवा संकल्प वेलफेयर सोसायटी, छिंदवाड़ा द्वारा स्वैच्छिकता पर्व के तहत पोस्ट मैट्रिक अनुसूचित जाति बालक छात्रावास, खजरी रोड में "नशे से दूरी है ज़रूरी" विषय पर जागरूकता संगोष्ठी एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराना तथा स्वस्थ, जागरूक और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में थाना प्रभारी सिटी कोतवाली श्री आशीष धुर्वे, यातायात प्रभारी श्री लोहित शेंडे, ट्रैफिक रोड सेफ्टी फाउंडेशन के संस्थापक श्री कल्पेश पटेल, छात्रावास प्रभारी श्री कमलेश डेहरिया, श्री एच.एस. तिरगाम, सेवा संकल्प वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष डॉ. चंद्रकांत विश्वकर्मा, सचिव श्री संदीप अग्निहोत्री, उपाध्यक्ष सुश्री आराधना शुक्ला, श्रीमती भावना बनारसे एवं श्रीमती निशा यादव सहित अन्य अतिथि उपस्थित थे।
थाना प्रभारी श्री आशीष धुर्वे ने अपने संबोधन में कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं, बल्कि उसके परिवार, समाज और भविष्य को भी प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने और अपने मित्रों व परिवारजनों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।
यातायात प्रभारी श्री लोहित शेंडे ने कहा कि सड़क सुरक्षा और नशामुक्ति एक-दूसरे से जुड़े विषय हैं। नशे की अवस्था में वाहन चलाना अनेक दुर्घटनाओं का कारण बनता है, इसलिये प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह स्वयं भी नशे से दूर रहे और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करे। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित युवाओं को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई।
अधिवक्ता डॉ. डी.एस. चौरे ने कहा कि सेवा संकल्प वेलफेयर सोसायटी समाजहित के विभिन्न जनजागरूकता अभियानों के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का सतत प्रयास कर रही है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, सेवा और संस्कार को अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी युवाओं एवं विद्यार्थियों को "नशा मुक्त छिंदवाड़ा" का संकल्प दिलाया गया। सभी ने अपने जीवन में किसी भी प्रकार का नशा न करने तथा समाज में नशामुक्ति का संदेश फैलाने की शपथ ली। इस अवसर पर सेवा संकल्प वेलफेयर सोसायटी के पदाधिकारी एवं संकल्प प्रवक्ता डॉ. डी.एस. चौरे, श्री जितेंद्र अलबेला, श्री नंदू निर्मलकर, श्री नितिन गडकरी, श्री मुकेश दीक्षित, डॉ. ओ.पी. विश्वकर्मा, श्रीमती उर्मिला सिंह, श्रीमती मंजू डेहरिया, श्री इमरत चक्रवर्ती, श्री संकेत पांडे सहित बड़ी संख्या में युवा एवं संस्था के सदस्य उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन डॉ.डी.एस.चौरे ने किया तथा आभार प्रदर्शन सचिव श्री संदीप अग्निहोत्री ने किया।
Chhindwara, Madhya Pradesh | Jul 26, 2026