अवैध हथियार तस्करी के दो मामलों में मुख्य सोर्स आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजे
पलवल, 4 अगस्त 2026। पुलिस अधीक्षक पलवल श्री नीतीश अग्रवाल के कुशल मार्गदर्शन में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पलवल पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सीआईए स्टाफ पलवल और सीआईए स्टाफ होडल की टीमों ने अवैध हथियार तस्करी के दो अलग-अलग मामलों में शामिल मुख्य सोर्स आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पहला मामला: सीआईए स्टाफ पलवल प्रभारी निरीक्षक जगमिंदर सिंह ने बताया कि 22 अप्रैल को सीआईए टीम अपराध की रोकथाम और गश्त के दौरान गांव किठवाड़ी के पास मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि सुंदर पुत्र बनवारी, निवासी गांव मिल्क गत्रीकी, थाना चांदहट, जिला पलवल, अवैध हथियार लेकर गांव के मोड़ पर किसी के इंतजार में खड़ा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर दबिश दी और आरोपी सुंदर को एक अवैध देशी पिस्टल तथा दो जिंदा कारतूस सहित गिरफ्तार कर लिया। मामले की विवेचना के दौरान सामने आए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 3 अगस्त को इस मामले में शामिल सोर्स आरोपी मुकुल उर्फ गोलू निवासी गांव बाजोता, थाना टप्पल, जिला अलीगढ़ (उत्तर प्रदेश) को भी गिरफ्तार कर लिया।
दूसरा मामला: सीआईए स्टाफ होडल प्रभारी पीएसआई अमित कुमार ने बताया कि 20 जुलाई को सीआईए टीम थाना होडल क्षेत्र में अपराध की रोकथाम एवं गश्त पर मौजूद थी। इसी दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने खिरबी से बांसवा जाने वाले मोड़ के पास नाकाबंदी की। इस दौरान रवि निवासी गांव बांसवा, थाना हसनपुर, जिला पलवल को एक अवैध देशी कट्टे सहित गिरफ्तार किया गया।
मामले की विवेचना में सामने आए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 3 अगस्त को इस मामले में शामिल सोर्स आरोपी गोपाल निवासी लालपुर, थाना कोसी कलां, उत्तर प्रदेश को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि दोनों मामलों में गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद उन्हें माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक श्री नीतीश अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि जिले में अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त और तस्करी में संलिप्त असामाजिक तत्वों के खिलाफ पलवल पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
Palwal, Palwal | Aug 4, 2026