बाल विवाह, बाल तस्करी व बंधुआ मजदूरी पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
औरंगाबाद जिला के मदनपुर प्रखंड मुख्यालय स्थित प्रोजेक्ट जय प्रभा कन्या उच्च विद्यालय मदनपुर में शुक्रवार को छात्राओं के लिए बाल विवाह, महिला सुरक्षा, मानव तस्करी एवं बंधुआ मजदूरी के विरुद्ध विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक हरीनन्दन विश्वकर्मा ने की। उन्होंने छात्राओं को बाल विवाह और बाल तस्करी की रोकथाम, इसके दुष्परिणाम तथा संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए जागरूक किया।दीप ज्योति कल्याण संस्थान के सीएसडब्ल्यू ने ऑपरेशन विधि पालक युवक और पुलिस दीदी टीम के गठन के उद्देश्य की जानकारी दी। महिलाओं की सुरक्षा, उनके कानूनी अधिकारों एवं किसी भी प्रकार की हिंसा या उत्पीड़न की स्थिति में बिना डर के पुलिस से संपर्क करने की अपील की गई।बिन्दु कुमार ने बंधुआ मजदूरी के कारणों, दुष्प्रभावों, बचाव के उपायों तथा सरकारी सहायता योजनाओं के बारे में बताया। शिक्षिका अंजली कुमारी ने कहा कि सोशल मीडिया से प्रभावित होकर हमारे बच्चे दिग्भ्रमित हो रहे हैं। जितेन्द्र कुमार ने बच्चों को हेल्पलाइन नंबर की जानकारी दी और गुड टच, बैड टच के बारे में विस्तार से बताया।कार्यक्रम में विद्यालय की छात्राओं इशरा, अंजली, निशा, सिम्पी, सुप्रिया, बुसरा, सजू, श्रृष्टि ने गीत के माध्यम से बाल विवाह रोकथाम के लिए लोगों से अपील की, जो आकर्षण का केंद्र रहा।इस अवसर पर सुनील कुमार ने उक्त बातों को अपने जीवन में अपनाने की अपील की। कार्यक्रम में शिक्षिकाएं खुशबू कुमारी, मीना कुमारी, आरती कुमारी, सोनी कुमारी, उपमा कुमारी तथा शिक्षक अनूप कुमार, राहुल कुमार, विभू कुमार, मुकेश कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित थे।