रविवार को देवप्रयाग कांग्रेस कमेटी ने पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत के देवस्थानम बोर्ड के पुनर्गठन संबंधी बयान के विरोध में प्रदर्शन किया। संगम तट पर कार्यकर्ताओं ने त्रिवेंद्र रावत का पुतला फूंका और "त्रिवेंद्र रावत मुर्दाबाद" तथा "भाजपा सरकार मुर्दाबाद" के नारे लगाए।
कांग्रेस का यह विरोध त्रिवेंद्र सिंह रावत के उस बयान के बाद सामने आया है, जिसमें उन्होंने देवस्थानम बोर्ड के पुनर्गठन की बात कही थी। कांग्रेस जिला अध्यक्ष उत्तम सिंह असवाल ने इस दौरान कहा कि देवस्थानम बोर्ड का निर्णय पहले भी प्रदेश की जनता, तीर्थ पुरोहितों, हक-हकूकधारियों और श्रद्धालुओं के व्यापक विरोध के कारण वापस लेना पड़ा था।
असवाल ने जोर देकर कहा कि इसे दोबारा लागू करने की बात करना उत्तराखंड की धार्मिक परंपराओं और जनभावनाओं का अपमान है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार चारधाम और प्रदेश के प्राचीन मंदिरों पर नियंत्रण स्थापित कर तीर्थ पुरोहितों एवं हक-हकूकधारियों के अधिकारों को समाप्त करने का प्रयास कर रही है।
कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि वह इस कदम का पुरजोर विरोध करेगी। असवाल ने चेतावनी दी कि यदि राज्य सरकार देवस्थानम बोर्ड को पुनः लागू करने की दिशा में आगे बढ़ती है, तो कांग्रेस जनता के साथ मिलकर पूरे प्रदेश में लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक आंदोलन करेगी।