स्वच्छता से स्वागत अभियान से चमकेगा निगम का हर वार्ड, मेयर ने झाड़ू लगाकर किया शंखनाद
यमुनानगर-जगाधरी में 19 जुलाई तक नगर निगम चलाएगा स्वच्छता से स्वागत अभियान
प्रदेश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन पर सरकार द्वारा चलाया गया विशेष सफाई अभियान
जगाधरी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को पंचकूला से राज्यव्यापी स्वच्छता से स्वागत सफाई अभियान की शुरुआत की। इसी के तहत सोमवार को मेयर सुमन बहमनी ने जगाधरी के झंडा चौक पर खुद झाड़ू लगाकर इस विशेष सफाई अभियान का शंखनाद किया। इस मौके पर उनके साथ अतिरिक्त निगम आयुक्त धीरज कुमार, मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी अभिश्रुति, मुख्य सफाई निरीक्षक हरजीत सिंह, मुख्य सफाई निरीक्षक विनोद बेनीवाल, पार्षद रीना, पार्षद अरुण कुमार, पार्षद जयंत स्वामी, स्वच्छ भारत मिशन शहरी के सलाहकार लोकेश सेन सहित कई अधिकारियों व कर्मचारियों ने भी हाथों में झाड़ू थाम कर स्कूल रोड की सफाई की। इससे पहले मेयर ने नगर निगम कार्यालय जगाधरी में 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के अंतर्गत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया और अधिकारियों की बैठक लेकर विशेष अभियान को लेकर गहन चर्चा की।
---------------
पीएम मोदी के दौरे को लेकर 19 जुलाई तक चलेगा महाअभियान -
मेयर सुमन बहमनी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को हरियाणा के दौरे पर आ रहे हैं। अपने इस दौरे के दौरान वे प्रदेश को एक हाइड्रोजन ट्रेन की सौगात देंगे और विकास से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे। प्रधानमंत्री के आगमन के स्वागत में पूरे हरियाणा को स्वच्छ बनाने के लिए यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। यमुनानगर-जगाधरी में यह महाअभियान 19 जुलाई तक निरंतर जारी रहेगा। मेयर ने कहा कि इस अभियान के तहत शहर के प्रत्येक वार्ड, कॉलोनी और मोहल्ले में विशेष सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। इस कार्य में संबंधित वार्ड के पार्षद, निगम कर्मचारी, स्थानीय निवासी और सामाजिक संस्थाएं मिलकर काम करेंगी।
-----------
स्वच्छता प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी:
मेयर सुमन बहमनी ने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार या प्रशासन का काम नहीं है, बल्कि यह हर नागरिक का नैतिक कर्तव्य है। उन्होंने सभी शहरवासियों से अपने घरों, मोहल्लों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों को साफ रखने तथा कचरे का सही प्रबंधन करने में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। हर नागरिक अपने घर, दुकान व संस्थान से सूखा व गीला कचरा अलग अलग करके निगम के वाहन को दें। खुले में कचरा न फैलाएं।
फोटो -
जगाधरी स्कूल रोड पर झाड़ू लगाकर स्वच्छता से स्वागत सफाई अभियान की शुरुआत करती मेयर सुमन बहमनी व अन्य।
नगर निगम कार्यालय जगाधरी में पौधारोपण करती मेयर सुमन बहमनी व अन्य।