🔸मतदान के प्रति विद्यार्थियों को किया जागरूक*
---
🔸जिला स्तरीय निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के 20 विजेताओं को प्रशस्ति-पत्र देकर किया सम्मानित*
---
उज्जैन, 23 नवम्बर 2026/ भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में स्वीप (सिस्टमैटिक वोटर्स एजुकेशन एंड इलेक्टोरल पार्टिसिपेशन) गतिविधियों के अंतर्गत भावी एवं युवा मतदाताओं में निर्वाचन संबंधी जागरूकता बढ़ाने तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिला स्तरीय निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
यह प्रतियोगिता 18 नवम्बर 2026 को कालिदास कन्या अग्रणी महाविद्यालय, उज्जैन में आयोजित की गई, जिसमें जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को निर्वाचन प्रक्रिया, लोकतांत्रिक व्यवस्था एवं मतदान के महत्व की जानकारी देकर उन्हें जागरूक और जिम्मेदार मतदाता बनने के लिए प्रेरित किया गया।
जिला स्तरीय प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में महाविद्यालय स्तर के 5 एवं विद्यालय स्तर के 5 प्रतिभागियों को विजेता घोषित किया गया। इसी प्रकार निबंध प्रतियोगिता में भी महाविद्यालय एवं विद्यालय स्तर के 5-5 प्रतिभागियों ने विजेता स्थान प्राप्त किया। इस प्रकार दोनों प्रतियोगिताओं में कुल 20 प्रतिभागियों का चयन किया गया।
चयनित प्रतिभागियों को अपर कलेक्टर एवं जिला उज्जैन के श्री शाश्वत शर्मा तथा उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री संदीप सिंह द्वारा प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अधिकारियों ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं तथा अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
अधिकारियों ने कहा कि जागरूक एवं जिम्मेदार मतदाता ही सशक्त लोकतंत्र की आधारशिला हैं। विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे स्वयं मतदान के प्रति जागरूक रहें तथा अपने परिवार एवं समाज के अन्य लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करें।
प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य युवाओं में निर्वाचन प्रक्रिया की समझ विकसित करना, लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति सम्मान की भावना बढ़ाना तथा उन्हें जागरूक, जिम्मेदार एवं सक्रिय मतदाता के रूप में तैयार करना रहा।
Election Commission of India Jansampark Madhya Pradesh Collector Office Ujjain CM Madhya Pradesh
Umaria, Madhya Pradesh | Nov 23, 2026