मिर्जापुर पुलिस ने बनाया नया रिकॉर्ड, सर्वाधिक पुलिसकर्मी हुए साइबर प्रशिक्षित
मिर्जापुर। बीएचयू दक्षिणी परिसर बरकछा में 17 से 19 सितंबर तक चले तीन दिवसीय साइबर प्रशिक्षण शिविर का शनिवार को पुलिस उपमहानिरीक्षक विंध्याचल परिक्षेत्र पूनम ने समापन किया। प्रशिक्षण में जनपद के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को साइबर अपराध की रोकथाम, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य संकलन और विवेचना की बारीकियों की जानकारी दी गई।
Kyndryl की CSR पहल ‘साइबर रक्षक 2.0’ के तहत आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के बाद मिर्जापुर पुलिस द्वारा सर्वाधिक पुलिसकर्मियों को साइबर अपराध के संबंध में प्रशिक्षित करने का रिकॉर्ड बनाए जाने की घोषणा इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स के आधिकारिक प्रतिनिधि प्रमिल द्विवेदी ने की।
डीआईजी पूनम ने पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षण में सीखी विधियों के अनुरूप प्रभावी कार्रवाई करने, नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने तथा विवेचना में इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का गहनता से संकलन करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम का उद्घाटन 17 सितंबर को एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने किया था।