सांदीपनि विद्यालय टेमला में उमंग दिवस का आयोजन
________________
विद्यार्थियों को जीवन कौशल, साइबर सुरक्षा एवं पॉक्सो एक्ट की दी जानकारी
________________
सशक्तिकरण गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को दिया जागरूकता एवं आत्मविश्वास का संदेश
________________
खरगोन 23 सितंबर 2026। सांदीपनि विद्यालय टेमला में उमंग दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को जीवन कौशल, साइबर सुरक्षा, पॉक्सो एक्ट तथा सशक्तिकरण से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को सुरक्षित, जागरूक एवं आत्मविश्वासी बनाने के साथ उन्हें विभिन्न सामाजिक एवं व्यक्तिगत चुनौतियों से निपटने के लिए आवश्यक जानकारी प्रदान करना रहा।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि उमंग की स्टेट को-ऑर्डिनेटर डॉ. ज्योति सिपणकर रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों को उमंग कार्यक्रम के अंतर्गत जीवन कौशल के 10 आयामों की विस्तार से जानकारी देते हुए दैनिक जीवन में इनके महत्व को समझाया। उमंग कार्यक्रम मास्टर ट्रेनर, जिला खरगोन श्री नरेंद्र पंचोले ने उमंग कार्यक्रम की विशेषताओं एवं उद्देश्यों से विद्यार्थियों को अवगत कराया।
पुलिस विभाग से थाना प्रभारी श्रीमती गीता सोलंकी ने विद्यार्थियों को साइबर क्राइम एवं साइबर सुरक्षा के संबंध में जागरूक किया। वहीं श्री अमजद खान एवं श्रीमती लक्ष्मी डावर ने पॉक्सो एक्ट से संबंधित महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी देते हुए सुरक्षा एवं जागरूकता के उपाय बताए।
उमंग प्रभारी श्रीमती ललिता पंवार एवं श्रीमती भारती वासुरे ने विद्यालय में संचालित उमंग गतिविधियों की जानकारी दी। विद्यालय में स्थापित उमंग कॉर्नर के माध्यम से विद्यार्थियों को जागरूकता संबंधी सामग्री एवं विभिन्न गतिविधियों से जोड़ा जा रहा है।
सशक्तिकरण गतिविधि के अंतर्गत कक्षा 9वीं के विद्यार्थियों ने नसरीन की कहानी प्रस्तुत की। कहानी के माध्यम से विद्यार्थियों को आत्मविश्वास, जागरूकता एवं सशक्तिकरण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का संचालन श्री संदीप सांगले एवं श्रीमती भारती वासुरे ने किया। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागी विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। श्री योगेश गर्दे ने आभार प्रदर्शन किया। आयोजन में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता रही।
#JansamparkMP #khargone