रेन बसेरे की सुरक्षा पर बड़ा सवाल: छह साल की मासूम से कथित दुष्कर्म, लंगर लेने गए थे परिजन, पुलिस जांच में जुटी
हरिद्वार स्तम्भ, पिरान कलियर। रेन बसेरे में परिवार के साथ ठहरी छह वर्षीय मासूम के साथ कथित दुष्कर्म की घटना सामने आने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि घटना के दौरान बच्ची के परिजन लंगर लेने गए हुए थे। इसी दौरान बच्ची के साथ वारदात होने की जानकारी सामने आई।
सूचना मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। बच्ची को मेडिकल परीक्षण के लिए सिविल अस्पताल भेजा गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए सीओ बहादराबाद देवव्रत जोशी और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने रेन बसेरे और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। साथ ही घटना के समय वहां मौजूद लोगों के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
इंस्पेक्टर कमल मोहन भंडारी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें गठित की गई हैं और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।
घटना के बाद रेन बसेरे की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि घटना के समय रेन बसेरे में कौन-कौन लोग मौजूद थे और वहां सुरक्षा के क्या इंतजाम थे।
Haridwar Stambh Vasudev
Hardwar, Haridwar | Oct 7, 2026