"एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक देवरिया ने पुलिस परिवार के साथ किया पौधरोपण, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प
उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संचालित *"एक पेड़ माँ के नाम"* अभियान के अंतर्गत आज दिनांक 12.07.2026 पुलिस अधीक्षक देवरिया श्री अभिजीत आर. शंकर के नेतृत्व में पुलिस लाइन परिसर में वामा सारथी फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन-2026 के तत्वावधान में विशेष पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक महोदय ने पुलिस परिवार के सदस्यों, वामा सारथी की पदाधिकारियों एवं पुलिस कर्मियों के साथ मिलकर विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया ।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा पुलिस परिवार के बच्चों को चॉकलेट व मिठाईयां भी वितरित किया गया ।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक महोदय ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संरक्षण का आधार ही नहीं, बल्कि भावी पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं स्वस्थ जीवन का अमूल्य उपहार हैं । उन्होंने सभी उपस्थित लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उन्हें सुरक्षित एवं संरक्षित रखने का आह्वान किया ।
पौधरोपण के उपरांत सभी उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं पुलिस परिवार के सदस्यों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल, सिंचाई एवं संरक्षण करने की सामूहिक शपथ भी ली, ताकि प्रत्येक पौधा विकसित होकर पर्यावरण संवर्धन में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे सके ।
इस अवसर पर वामा सारथी फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन-2026 की सदस्याओं, पुलिस परिवार के बच्चों एवं महिलाओं ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया । कार्यक्रम का उद्देश्य जनमानस में वृक्षारोपण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा प्रकृति संरक्षण के प्रति सामूहिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना रहा ।
कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण एवं प्रेरणादायी वातावरण में संपन्न हुआ तथा सभी उपस्थितजनों ने हरित एवं स्वच्छ पर्यावरण के निर्माण हेतु निरंतर पौधरोपण एवं पौधों के संरक्षण का संकल्प दोहराया ।
कार्यक्रम के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी श्री आनन्द कुमार पाण्डेय, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी श्री सुनील सिहं, क्षेत्राधिकारी नगर श्री संजय कुमार रेड्डी, क्षेत्राधिकारी लाइन श्री गौरव सिंह, प्रतिसार निरीक्षक श्री रामजनम राम सहित वामा सारथी के पदाधिकारी, पुलिस परिवार के बच्चे आदि उपस्थित रहे ।
#deorianews
Barhaj, Deoria | Jul 12, 2026