जलालपुर (सारण)। लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर जलालपुर प्रखंड की कुमना पंचायत में मानवता, सेवा और सामाजिक समर्पण की एक प्रेरणादायक मिसाल देखने को मिली। पंचायत के पूर्व मुखिया फणींद्र कुमार सिंह पिछले 21 वर्षों से लगातार छठ व्रतियों एवं श्रद्धालुओं के बीच फल, मूल, वस्त्र और छठ पूजा से जुड़ी आवश्यक सामग्रियों का वितरण करते आ रहे हैं।
इस वर्ष भी उन्होंने अपनी वर्षों पुरानी परंपरा को कायम रखते हुए बड़े पैमाने पर वितरण कार्यक्रम आयोजित किया। उनके आवास पर हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। इस दौरान छठ करने वाली महिलाओं एवं अन्य जरूरतमंद लोगों के बीच फल, वस्त्र और पूजा की विभिन्न सामग्रियां वितरित की गईं।
आर्थिक अभाव के बावजूद 21 वर्षों से जारी है सेवा
फणींद्र कुमार सिंह की इस पहल की सबसे खास बात यह है कि आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद उन्होंने कभी सेवा के इस संकल्प को टूटने नहीं दिया। बताया जाता है कि उनके घर में स्वयं छठ पूजा का आयोजन नहीं हो पाने की स्थिति रहने के बावजूद वे पिछले 21 वर्षों से छठ व्रतियों की सेवा और सहयोग में निरंतर लगे हुए हैं।
उनका मानना है कि छठ महापर्व केवल आस्था का पर्व ही नहीं, बल्कि सेवा, सहयोग, समर्पण और सामाजिक एकता का भी प्रतीक है। इसी भावना से वे हर वर्ष अपनी क्षमता के अनुसार श्रद्धालुओं की मदद करते हैं।
पूर्व मुखिया के इस सराहनीय कार्य की कुमना पंचायत सहित आसपास के क्षेत्रों में खूब प्रशंसा हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि आज के दौर में जहां लोग अपने तक सीमित होते जा रहे हैं, वहीं फणींद्र कुमार सिंह ने लगातार 21 वर्षों तक सेवा की परंपरा निभाकर समाज के सामने एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया है।
निस्वार्थ सेवा और सामाजिक समर्पण की यह मिसाल निश्चित रूप से समाज के अन्य लोगों को भी जरूरतमंदों की सहायता के लिए प्रेरित करती रहेगी।
Rahui, Nalanda | Nov 15, 2026