सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर 8.81 लाख की ठगी, आरोपी गिरफ्तार
बलरामपुर। थाना कोतवाली नगर पुलिस ने सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने युवती को राजस्व विभाग में अमीन के पद पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर करीब 8.81 लाख रुपये हड़प लिए और कथित तौर पर फर्जी नियुक्ति पत्र भी सौंप दिया।
पुलिस के अनुसार, गोविंदबाग निवासी शालिनी वर्मा की तहरीर पर 10 जुलाई 2026 को मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया कि रेहरा बाजार थाना क्षेत्र के ग्राम बनकटवा सराय खास निवासी मनोज कुमार चौहान ने सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर रकम वसूली, फर्जी नियुक्ति पत्र दिया और विरोध करने पर गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय एवं क्षेत्राधिकारी नगर अभिषेक सिंह के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुरुवार को आरोपी मनोज कुमार चौहान को गोविंदबाग स्थित सब्जी मंडी क्षेत्र से गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पहले स्टाम्प एवं रजिस्ट्री कार्यालय, बलरामपुर सदर में ऑपरेटर (फीडिंग) का कार्य करता था और पीड़िता के घर किराये पर रहता था। इसी दौरान उसे पता चला कि युवती नौकरी की तलाश में है। उसने स्वयं को पहले तहसील तुलसीपुर में कनिष्ठ सहायक और बाद में जिलाधिकारी कार्यालय में राजस्व विभाग का लेखाकार बताकर विश्वास जीता तथा कथित रूप से फर्जी नियुक्ति पत्र तैयार कर दिखाया। इसके बाद अलग-अलग तिथियों में करीब 8 लाख रुपये ले लिए। जब युवती नौकरी और रुपये वापस मांगने लगी तो वह लगातार टालमटोल करता रहा।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध दर्ज मुकदमे में आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया है।
Balrampur, Balrampur | Jul 16, 2026